PM Modi Malaysia Visit: रक्षा से लेकर डिजिटल भुगतान तक, पीएम मोदी के दौरे से भारत-मलेशिया रिश्तों को नई रफ्तार

PM Modi Malaysia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मलेशिया दौरे में भारत और मलेशिया के बीच रक्षा, सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, यूपीआई भुगतान और सांस्कृतिक सहयोग पर कई अहम समझौते हुए.

PM Modi Malaysia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मलेशिया दौरे में भारत और मलेशिया के बीच रक्षा, सुरक्षा, सेमीकंडक्टर, यूपीआई भुगतान और सांस्कृतिक सहयोग पर कई अहम समझौते हुए.

author-image
Yashodhan Sharma
New Update
PM Modi Malaysia Visit

PM Modi Malaysia Visit Photograph: (ANI X post)

PM Modi Malaysia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दो दिन की आधिकारिक यात्रा पूरी करने के बाद रविवार को मलेशिया की राजधानी कुआलालंपुर से भारत के लिए प्रस्थान किया. इस दौरे के दौरान भारत और मलेशिया के बीच रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, सेमीकंडक्टर, डिजिटल तकनीक और लोगों से जुड़े कई अहम समझौते और पहलें सामने आईं.

Advertisment

क्या था चर्चाओं का मकसद

पीएम मोदी ने मलेशियाई प्रधानमंत्री दातो सेरी अनवर इब्राहिम के साथ व्यापक बातचीत की. इन चर्चाओं का मकसद दोनों देशों के बीच रणनीतिक, आर्थिक और जनहित से जुड़े रिश्तों को और मजबूत करना रहा. पीएम मोदी 7 फरवरी को कुआलालंपुर पहुंचे थे, जहां उनका रेड कार्पेट स्वागत किया गया. इसके बाद उन्हें पेरदाना पुत्रा में औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया.

भारत और मलेशिया के रिश्ते ऐतिहासिक- पीएम मोदी 

मीडिया से बातचीत में पीएम मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया के रिश्ते ऐतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से बहुत गहरे हैं. उन्होंने बताया कि मलेशिया में बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग रहते हैं और दोनों देशों को साझा सांस्कृतिक विरासत और लोकतांत्रिक मूल्य जोड़ते हैं.

इन मुद्दों पर हुई चर्चा

इस यात्रा के दौरान दोनों देशों ने आतंकवाद से निपटने, खुफिया जानकारी साझा करने और समुद्री सुरक्षा पर सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई. साथ ही रक्षा सहयोग को और मजबूत करने का फैसला लिया गया. पीएम मोदी ने कहा कि भारत और मलेशिया सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक, स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा जैसे क्षेत्रों में मिलकर काम करेंगे.

दोनों देशों के बीच डिजिटल भुगतान पर भी बात

इस दौरे की बड़ी उपलब्धियों में मलेशिया में भारतीय वाणिज्य दूतावास (कांसुलेट जनरल) खोलने का फैसला शामिल है. इससे वहां रहने वाले भारतीयों को पासपोर्ट और कांसुलर सेवाओं में आसानी होगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. इसके अलावा भारत की एनपीसीआई इंटरनेशनल और मलेशिया की पेनेट कंपनी के बीच समझौता हुआ, जिससे दोनों देशों के बीच यूपीआई के जरिए डिजिटल भुगतान संभव होगा. इससे पर्यटकों और प्रवासी भारतीयों को कैश लेनदेन से राहत मिलेगी.

स्वास्थ्य, शिक्षा जैसे हुए कई समझौते

भारत और मलेशिया ने आपदा प्रबंधन, भ्रष्टाचार रोकथाम, संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन, सेमीकंडक्टर सहयोग, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कई समझौते भी किए. मलेशिया भारत की इंटरनेशनल बिग कैट्स अलायंस में भी शामिल हुआ, जिससे वन्यजीव संरक्षण को मजबूती मिलेगी. कुल मिलाकर पीएम मोदी का यह दौरा भारत-मलेशिया संबंधों को नई ऊंचाई देने वाला साबित हुआ, जिसमें रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक सहयोग को और विस्तार मिला है.

यह भी पढ़ें: PM Modi Malaysia Visit: भारत-मलेशिया के बीच ऐतिहासिक साझेदारी, कृषि से सेमी कंडक्टर तक हर क्षेत्र में सहयोग

ASEAN India Malaysia Relations PM modi
Advertisment