logo-image

मिस्र, जकार्ता, मस्कट, कोलंबो व दुबई बंदरगाह पर नौसेना के जहाजों पर योग

मिस्र, जकार्ता, मस्कट, कोलंबो व दुबई बंदरगाह पर नौसेना के जहाजों पर योग

Updated on: 20 Jun 2023, 10:35 PM

नई दिल्ली:

एकता और एकजुटता के प्रतीक समुद्र में ओशियन रिंग ऑफ योगा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष भारतीय नौसेना सक्रिय रूप से वैश्विक स्तर पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का समर्थन कर रही है। नौसेना के जहाज किल्टन, चेन्नई, शिवालिक, सुनयना, त्रिशूल, तरकश, वागिर, सुमित्रा और ब्रह्मपुत्र बांग्लादेश के चट्टोग्राम, मिस्र के सफागा, इंडोनेशिया के जकार्ता, केन्या के मोम्बासा, मेडागास्कर के टोमासिना, ओमान के मस्कट, श्रीलंका के कोलंबो, थाईलैंड के फुकेट और संयुक्त अरब अमीरात के दुबई बंदरगाह पर पोर्ट कॉल करेंगे। यहां नौसेना के इन जहाजों के माध्यम से योग से संबंधित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।

कुल मिलाकर, अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2023 महासागर रिंग ऑफ योग के हिस्से के रूप में 19 भारतीय नौसेना जहाजों पर लगभग 3500 नौसैनिकों ने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय जल सीमाओं में योग के प्रचार-प्रसार की दिशा में 35,000 किलोमीटर से अधिक की यात्रा की है। इसमें विदेशी बंदरगाहों व अंतर्राष्ट्रीय जल क्षेत्र में 11 भारतीय नौसेना के जहाजों पर 2400 से अधिक कर्मचारी तैनात हैं। विशेष रूप से हमारे विदेशी मिशनों के साथ मिलकर कई विदेशी नौसेनाओं के जहाजों पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह की भी योजना बनाई गई है, जिसमें 1200 से अधिक विदेशी नौसेनाकर्मी शामिल हैं।

विदेशी बंदरगाहों पर भारतीय नौसेना के जहाजों द्वारा अंर्राष्ट्रीय योग दिवस-23 की गतिविधियों में जहाज के चालक दल और मेजबान देश के कर्मियों को शामिल करने की योजना है। भारतीय रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर योग के विषय में जागरूकता बढ़ाने के लिए सामान्य योग प्रोटोकॉल (सीवाईपी) पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा और स्वस्थ जीवनशैली के शारीरिक, मनोवैज्ञानिक और भावनात्मक पहलुओं के संतुलन के लिए योग की क्षमताओं को उजागर किया जाएगा, ताकि इसे वैश्विक स्तर पर अपनाया जा सके।

सभी नौसैनिक बंदरगाहों, ठिकानों, जहाजों और प्रतिष्ठानों पर योग गतिविधियां शुरू हो गई हैं। इन गतिविधियों में सीवाईपी का अभ्यास करना और 21 जून 23 को होने वाले कार्यक्रम से पहले दैनिक रूप से योग से संबंधित गतिविधियों का संचालन करना शामिल है। नौसेना में योग के स्वास्थ्य लाभ पर सामूहिक शिविर, कार्यशालाएं, पोस्टर प्रतियोगिताएं, प्रश्नोत्तरी और व्याख्यान आयोजित किए जा रहे हैं।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2023 के अवसर पर हिंद महासागर में तैनात भारतीय नौसेना के जहाज मित्र देशों के विभिन्न बंदरगाहों का दौरा कर रहे हैं। नौसेना के यह जहाज वसुधैव कुटुम्बकम् के संदेश का प्रसार कर रहे हैं, यह अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2023 का विषय भी है। आयुष मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय और अन्य मंत्रालयों के सहयोग से एकता और एकजुटता के प्रतीक समुद्र में योग (ओशियन रिंग ऑफ योगा) कार्यक्रम आयोजित किया है।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर एकता और एकजुटता के प्रतीक समुद्र में योग (ओशियन रिंग ऑफ योगा) कार्यक्रम आयोजित किया है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर 14 दिसंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) द्वारा 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (आईडीवाई) के रूप में मान्यता दी गई थी।

रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, भारतीय नौसेना कई वर्षो से समुद्री सीमाओं से परे विदेशों में योग के प्रचार-प्रसार के कार्य में लगी हुई है। भारतीय नौसेना के जहाजों द्वारा दौरा किए जाने वाले अधिकांश विदेशी बंदरगाहों पर योग सत्र निर्धारित हैं। इनसे स्वस्थ जीवन शैली को अपनाने की दिशा में योग से होने वाले लाभ के संदेश का प्रसार होता है।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.