/newsnation/media/post_attachments/images/2021/07/02/delhi-heat-wave-93.jpg)
दिल्ली व उत्तर भारत में अभी और सताएगी गर्मी, इस तारीख से होगी बारिश( Photo Credit : File Photo)
चिलचिलाती गर्मी से परेशान दिल्ली और पूरे उत्तर भारत के लोगों के लिए मौसम विभाग की ओर से बुरी खबर है. इन इलाकों में लोगों को अभी इस तपिश भरी गर्मी से राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुमान के मुताबिक 15 जून तक दिल्ली, हरियाणा, उत्तर पश्चिमी राजस्थान और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में लू (Heatwave) की स्थिति बनी रहेगी. हालांकि, आईएमडी ने अगले कुछ दिनों में दिल्ली में गरज के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने, बिजली गिरने और सतही हवाएं चलने की संभावना जताई है. लेकिन इसके साथ ही कहा गया है कि 15 जून तक गर्मी से कोई बड़ी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.
अगले 2 दिन तक यहां भी जारी रहेगा लू का प्रकोप
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली, उत्तर पश्चिमी राजस्थान के के अलावा पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार और झारखंड के इलाकों में भी अगले 2 दिन तक लू का प्रकोप जारी रहेगा. गौरतलब है कि गर्म और शुष्क पश्चिमी हवाओं की वजह से पश्चिमोत्तर और मध्य भारत पिछले 2 जून से लू की चपेट में है.
अगले दो दिन में यहां होगी बारिश
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक पूर्वोत्तर में मानसून तय समय पर है. यहां अगले 2 दिनों के दौरान पश्चिमी प्रायद्वीपीय तट पर तेज बारिश होने की संभावना है. इसके अलावा मौसम विभाग की ओर से अगले 5 दिनों तक पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का मौजूदा दौर जारी रहने की संभावना भी जताई गई है. दक्षिण-पश्चिम मानसून ने मुंबई सहित कोंकण के अधिकांश हिस्सों और मध्य महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में दस्तक दे दी है.
UP में 17 से 20 जून के बीच होगी मानसून की दस्तक
IMD लखनऊ केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता के मुताबिक मानसून अभी पूर्वोत्तर के राज्यों को भिगो रहा है. यूपी में 17 से 20 जून के बीच मानसून के दस्तक देने के आसार हैं. उन्होंने बताया कि बिहार और बंगाल की सीमा पर मौजूद मानसून के अगले 2 दिनों में गति पकड़ने की उम्मीद है. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अभी अगले 2-3 दिन भीषण गर्मी बर्दाश्त करनी होगी. इसके साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा है कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर कुछ ऐसे कारक तैयार हो रहे हैं, जो पूरे राज्य का मौसम बदल देंगे. उन्होंने बताया कि पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर निम्न हवा के दबाव का क्षेत्र बन रहा है. इसका असर 15 जून से दिखेगा. बीच-बीच में बदली छाएंगे, तापमान में भी मामूली गिरावट आ सकती है.
ये भी पढ़ेंः नूपुर शर्मा विवाद : भाजपा केंद्रीय कार्यालय की टेलीफोन लाइन ठप, यह बड़ी वजह आई सामने
दक्षिण की ओर चल रहा 5 दिन पीछे
वहीं, मानसून दक्षिण की ओर लगभग 5 दिन पीछे चल रहा है. ऐसे में मानसून ने अगर गति नहीं पकड़ी तो तय समय पर उसके उत्तर और मध्य भारत पहुंचने की उम्मीद भी कम हो जाएगी. हालांकि, बंगाल की खाड़ी के साथ ही अरब सागर में मानसूनी गति के मुताबिक मानसून के प्रबल हालात बन चुके हैं. इस लिहाज से आने वाले दिनों में मौसम का रुख जल्द बदलने और मानसून के तेजी से आगे बढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है.
HIGHLIGHTS
- मौसम विभाग ने मानसून को लेकर जारी किया पूर्वानुमान
- 15 जून तक दिल्ली व उ. भारत में नहीं है बारिश के आसार
- 17-20 जून के बीच उत्तर प्रदेश में मानसून दे सकती है दस्तक
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us