logo-image
लोकसभा चुनाव

यमुना के बाद अब हिंडन भी उफान पर, कई गांवों में घुसा पानी

यमुना के बाद अब हिंडन भी उफान पर, कई गांवों में घुसा पानी

Updated on: 24 Jul 2023, 10:05 AM

नोएडा:

यमुना नदी में जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, इसके साथ-साथ हिंडन नदी का जलस्तर भी बढ़ने के चलते गाजियाबाद और नोएडा व ग्रेटर नोएडा के कई गांव में पानी भर गया है और लाखों लोग इससे प्रभावित हुए हैं।

एहतियात के तौर पर प्रशासन ने हजारों घरों को भी खाली करवाया है और लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा लगातार अनाउंसमेंट की जा रही है। ग्रेटर नोएडा के हैबतपुर, चोटपुर, बहलोलपुर, यूसुफपुर चक शाहबेरी गांव में पानी पहुंचने से करीब 2.50 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। प्रशासन ने अपनी ओर से हिंडन का जलस्तर बढ़ने का अलर्ट जारी किया है। वही यमुना का जलस्तर भी बढ़ रहा है।

गाजियाबाद बैराज से हिंडन नदी में लगातार पानी छोड़ा जा रहा है और वहां खतरे का निशान 205.80 मीटर है। जबकि इस समय हिंडन का जलस्तर डाउनस्ट्रीम 200.85 मीटर है। गाजियाबाद बैराज से 22987 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। शनिवार देर रात से हिंडन का जलस्तर बढ़ना शुरू हो गया था। रात में ही प्रशासन ने लाउडस्पीकर से घोषणा करना शुरू कर दिया था। रविवार सुबह तक जलस्तर काफी बढ़ गया और देखते ही देखते कई गांव में पानी पहुंच गया। सबसे ज्यादा पानी छीजारसी और चोटपुर गांव के मकानों में घुसा है।

फिलहाल प्रशासन की तरफ से बताया गया है कि दो हजार मकानों को खाली करा लिया गया है और इन गांवों में कई स्कूलों को आश्रय स्थल बनाया गया है। जहां पर बाढ़ से प्रभावित लोगों को ठहराया जा रहा है। यमुना के डूब क्षेत्र की यहां भी जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और जो पानी कम होता दिखाई दे रहा था, वह फिर से बढ़ता हुआ दिखाई दे रहा है।

हथिनी कुंड बैराज से पानी छोड़ा गया है। उसका असर अब यमुना के डूब क्षेत्र में फिर से दिखाई देने लगा है। इसको देखते हुए डूब क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहां से बाहर लोगों को निकाला जा रहा है। हालांकि अधिकारियों के मुताबिक जो स्थिति पिछली बार हुई थी वैसी स्थिति इस बार न होने की उम्मीद है, फिर भी एहतियात जरूरी है।

-

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.