logo-image

ताजिकिस्तान में फंसे झारखंड के 36 मजदूरों में से 20 की हुई सकुशल वापसी, बाकी भी जल्द लौटेंगे

ताजिकिस्तान में फंसे झारखंड के 36 मजदूरों में से 20 की हुई सकुशल वापसी, बाकी भी जल्द लौटेंगे

Updated on: 03 Mar 2023, 10:00 PM

रांची:

सेंट्रल एशियाई देश ताजिकिस्तान में फंसे झारखंड के 36 मजदूरों में से 20 की सकुशल वतन वापसी हो गई। केंद्र और राज्य के हस्तक्षेप पर कंपनियों ने इन मजदूरों की बकाया रकम का भुगतान भी कर दिया। बाकी बचे मजदूरों की वापसी दूसरे जत्थे में जल्द होने की उम्मीद जताई गई है।

बता दें कि झारखंड के गिरिडीह, हजारीबाग, बोकारो, धनबाद जिले के 36 मजदूर ट्रांसमिशन लाइन निर्माण कार्य में मजदूरी करने ताजिकिस्तान ले जाए गए थे। उन्हें बिष्णुगढ प्रखंड के खरना निवासी पंचम महतो के माध्यम से टीजीएम कंपनी में भेजा गया था। वहां सभी मजदूर बुरी तरह से फंस गये थे। ना ही उन्हें ठीक से खाना दिया जा रहा था और न ही मानदेय ही मिल रहा था।

इसी बीच मजदूरों ने बीते 13 फरवरी को सिकंदर अली नामक एक सामाजिक कार्यकर्ता के जरिए सोशल मीडिया के माध्यम से वीडियो शेयर कर अपनी पीड़ा बतायी और वतन वापसी में सहयोग की अपील की थी।

लौटने वाले मजदूरों में गिरिडीह जिले के बगोदर प्रखंड अंतर्गत तुकतुको के खिरोधर महतो, नागेश्वर चौधरी, रामदेव महतो, औरा के सुखदेव महतो, संतोष कुमार महुरी के गोवर्धन महतो, ढिबरा के जगरनाथ महतो, सरिया प्रखंड के अंतर्गत पिपराडीह के डुमरचंद महतो, डुमरी प्रखंड के अंतर्गत कुलगो के शंकर कुमार महतो , हजारीबाग जिले के बिष्णुगढ प्रखंड अंतर्गत गोविंदपुर के बालेश्वर महतो, नागी के महेन्द्र महतो, सारूकुदर के टुकामन महतो, नागेश्वर महतो खरना के डेगलाल महतो, महेश महतो बोकारो जिले के गोमियां प्रखंड अंतर्गत हुरलुंग के नारायण महतो, बालेश्वर महतो अशोक कुमार, करतवारी के प्रकाश महतो शामिल हैं। दो मजदूरों प्रकाश महतो एवं दिनेश महतो की वापसी पहले ही हो चुकी है। अभी 16 मजदूरों की ताजिकिस्तान से वापसी होनी बाकी है

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.