logo-image
लोकसभा चुनाव

डांस मेरी रानी पर नोरा ने कहा - अफ्रीकी संस्कृति और एफ्रो डांस को पेश करने पर गर्व है

डांस मेरी रानी पर नोरा ने कहा - अफ्रीकी संस्कृति और एफ्रो डांस को पेश करने पर गर्व है

Updated on: 23 Dec 2021, 10:35 PM

मुंबई:

अभिनेत्री नोरा फतेही ने अपने लेटेस्ट गाने डांस मेरी रानी में अफ्रीका के विभिन्न हिस्सों से विविध संस्कृतियों और शैलियों (स्टाइल्स) का मिश्रण प्रस्तुत किया है।

म्यूजिक वीडियो में नोरा ने अफ्रीका की संस्कृति और अंदाज को अपने किरदार में ढालने का सफल प्रयास किया है। नोरा ने नाइजीरिया, सेनेगल और घाना जैसे देशों के लोकप्रिय एफ्रो डांस मूव्स के साथ लुक्स को भी बेहतरीन तरीके से अपनाया है। गाने में नोरा हल्के भूरे रंग के घुंघराले बालों में नजर आ रही हैं।

नोरा ने कहा, बचपन से ही मैं खूबसूरत अफ्रीकी महिलाओं से घिरी हुई थी, चाहे वह मेरे परिवार के सदस्य हों, मेरी दोस्त हों या मेरी मां हो, जिनके पास सुंदर घुंघराले एफ्रो-जैसे बाल थे। अफ्रीका में अलग-अलग रंगों के स्किन-टोन से लेकर बालों की अलग-अलग बनावट तक की खूबसूरती को लेकर मैं हमेशा से प्रभावित रही।

उन्होंने कहा कि वह हमेशा से एक आर्टिस्ट के रूप में इस चीज का जश्न मनाना चाहती थी।

उन्होंने आगे कहा, मैं देखती आ रही हूं कि इंटरनेशनल आर्टिस्ट खूबसूरती से अफ्रीकी हेयर स्टाइल, फैशन और डांस को अलग-अलग कंटेंट के जरिए दुनिया के सामने पेश करते हैं। मेरे अंदर मौजूद अफ्रीकन हमेशा से एफ्रो ब्यूटी और एफ्रो डांस का बड़े पैमाने पर सम्मान करना चाहती थी। डांस मेरी रानी के साथ मुझे ये करने का मौका मिला है।

अपने अलग लुक के बारे में नोरा ने कहा, गाने में मेरे लुक्स में अफ्रीकी एलिमेंट्स का मिश्रण है। डायमंड हेड पीस इजिप्शन टच देता है। डांस मूव्स अफ्रीका के अलग-अलग हिस्सों से आने वाली एफ्रो डांस स्टाइल्स को दर्शाते हैं और दुनिया भर के डांस के बीच बड़े पैमाने पर लोकप्रिय है। मेरे घुंघराले बाल, न केवल मेरे दर्शकों के लिए मेरा एक नया रूप है, बल्कि यह अफ्रीकी रिप्रजेंटेशन और सेलिब्रेशन का भी एक रूप है।

उन्होंने आगे कहा, मेरी मां और मेरी बहन दोनों के सुंदर घुंघराले बाल हैं, असल में मेरी मां बचपन से अपने हनी ब्राउन कर्ली एफ्रो बालों के लिए विख्यात थीं, जिसने मुझे डांस मेरी रानी के लुक के लिए प्रेरित किया।

नोरा का कहना है कि एक कलाकार के रूप में वह हमेशा दर्शकों के लिए कुछ नया और दिलचस्प पेश करने के लिए तत्पर रहती हैं। उन्होंने कहा, जब मैंने एक क्रॉस-कल्चर संगम पेश करने का मौका देखा, तो मैंने यह सुनिश्चित किया कि मैं इसे अच्छे से करूं।

अपने शानदार डांस के लिए विख्यात नोरा ने कहा, मुझे बहुत गर्व महसूस होता है कि मैंने सभी अलग-अलग अफ्रीकन ब्यूटी के फॉर्म्स को दर्शाया है।

अभिनेत्री ने आगे कहा, भारतीय संस्कृति को दुनिया भर में सेलिब्रेट किया जाता है, एक मोरक्कन होने के नाते, मैंने इसे पहली बार अफ्रीका में देखा है, इसलिए मैंने सोचा कि क्यों न भारत में भी अफ्रीकी संस्कृति का जश्न मनाया जाए।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.