logo-image
लोकसभा चुनाव

गुजरात में भाजपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करने वाले आप नेताओं को जमानत मिली

गुजरात में भाजपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करने वाले आप नेताओं को जमानत मिली

Updated on: 30 Dec 2021, 05:45 PM

गांधीनगर:

भारतीय जनता पार्टी के यहां स्थित मुख्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करने के आरोप में पिछले दस दिनों से जेल में बंद आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गोपाल इटालिया और अन्य नेताओं को गुरुवार को गांधीनगर की एक अदालत ने जमानत दे दी।

आम आदमी पार्टी की गुजरात इकाई के कानूनी सलाहकार प्रणव ठक्कर ने कहा, 20 दिसंबर से साबरमती सेंट्रल जेल में बंद आप के 65 नेताओं को गांधीनगर अदालत ने जमानत दे दी हैं। मेरा मानना है कि आज शाम तक उन्हें रिहा कर दिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अभी तक उन्हें जमानत आदेश की प्रति प्राप्त नहीं हुई है। इन सभी लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामले दर्ज किए गए थे जिसमें आपराधिक साजिश, और महामारी रोग अधिनियम और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने संबंधीअधिनियम की धाराएं शामिल हैं।

इस मामले में कुल 93 लोगों को गिरफ्तार किया गया था और उनमें से 28 महिला आप कार्यकर्ताओं को पहले ही सशर्त जमानत मिल चुकी है।

आम आदमी पार्टी के इन कार्यकर्ताओं को 20 दिसंबर को गांधीनगर में राज्य भाजपा मुख्यालय श्री कमलम के बाहर विरोध प्रदर्शन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

ये कार्यकर्ता भाजपा नेता और गुजरात अधीनस्थ सेवा चयन बोर्ड (जीएसएसएसबी) के अध्यक्ष असित वोरा को हटाने की मांग कर रहे थे,। इन नेताओं ने कहा था कि प्रधान लिपिक भर्ती परीक्षा के पेपर लीक के लिए वोरा को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।

यह लिखित परीक्षा 12 दिसंबर को आयोजित की गई थी, जिसमें 186 रिक्तियों के लिए 88,000 उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था।

आप का आरोप है कि इसके प्रश्नपत्र पहले ही 8 से 12 लाख रुपये में बेच दिए गए थे। इसके बाद सरकार ने परीक्षा रद्द कर दी और अब यह मार्च 2022 में आयोजित की जाएगी। पुलिस ने इस रैकेट में शामिल 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।

इस मामले में भाजपा मुख्यालय के बाहर आप और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़पें हुई थी जिसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज किया था।

गांधीनगर पुलिस ने आप कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गोपाल इटालिया, महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष गौरी देसाई, युवा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष निखिल सवानी, वरिष्ठ नेता ईशुदान गढ़वी, हसमुख पटेल और 500 अन्य कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.