logo-image

ओडिशा में भाजपा विधायक बीडीओ की पिटाई के आरोप में गिरफ्तार

ओडिशा में भाजपा विधायक बीडीओ की पिटाई के आरोप में गिरफ्तार

Updated on: 02 May 2022, 01:00 AM

भुवनेश्वर:

ओडिशा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सुभाष चंद्र पाणिग्रही को देवगढ़ जिले के एक खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) की कथित तौर पर पिटाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

तिलीबनी बीडीओ कृष्णचंद्र दलपति की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए देवगढ़ पुलिस ने विधायक को रविवार को भुवनेश्वर स्थित उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार कर लिया।

पाणिग्रही के दो साथियों अकालू ढाल और कुमारमणि साहू को भी पुलिस ने पकड़ लिया।

बीडीओ दलपति ने पाणिग्रही पर शनिवार को मारपीट करने का आरोप लगाया था और पुलिस में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने कहा कि भाजपा विधायक ने एक प्राथमिकी भी दर्ज कराई है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि जब वह किसी सार्वजनिक कार्य के लिए उनसे मिलने गए थे तो बीडीओ ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया।

पुलिस ने कहा कि जब पाणिग्रही को पुलिस द्वारा देवगढ़ ले जाया जा रहा था, उनकी तबीयत ठीक नहीं थी, उन्हें चटाबारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।

इस बीच, गिरफ्तारी का विरोध करते हुए भाजपा विधायक कुसुम टेटे, मोहन मांझी और भबानी भोई ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ देवगढ़ थाने के सामने धरना दिया।

हालांकि पाणिग्रही ने पहले प्राथमिकी दर्ज कर आरोप लगाया कि बीडीओ ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। उधर, मांझी ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय विधायक को गिरफ्तार कर लिया।

भाजपा विधायकों ने तिलीबनी बीडीओ दलपति की गिरफ्तारी की मांग की।

भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने भी अपनी पार्टी के विधायक की गिरफ्तारी को लेकर सरकार की आलोचना की।

दूसरी ओर, बीजद के प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने कहा कि सरकारी अधिकारियों पर हमला करना और धमकाना ओडिशा के भाजपा जन प्रतिनिधियों की आदत बन गई है और उनकी हिंसा की निंदा करने के बजाय उनकी रक्षा करना ओडिशा भाजपा की आदत बन गई है।

मोहंती ने कहा, जब भाजपा विधायक पाणिग्रही के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। ओडिशा भाजपा उनके हिंसक व्यवहार की निंदा करने के बजाय, दुर्भाग्य से उनकी और उनके कुकर्मो की रक्षा कर रही है।

उन्होंने कहा कि बीजू जनता दल (बीजद) हमेशा कानून के शासन के लिए खड़ा होता है और कानून अपना काम करता है।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.