logo-image

उप चुनाव: पांच सीटों पर जीती बीजेपी, कर्नाटक के दोनों सीटों पर कांग्रेस का कब्जा, आप को बड़ा झटका

दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, असम, झारखंड, पश्चिम बंगाल और राजस्थान के 10 विधानसभा सीटों में से 6 सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है।

Updated on: 13 Apr 2017, 05:55 PM

highlights

  • आठ राज्यों के 10 विधानसभा सीटों में से 6 पर बीजेपी जीती
  • कर्नाटक के दो विधानसभा सीटों पर कांग्रेस का कब्जा
  • दिल्ली में आप को बड़ा झटका, तीसरे नंबर पर रही आप, बीजेपी जीती

नई दिल्ली:

भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का विधानसभा उप-चुनावों में भी जलवा बरकरार है।

दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, असम, झारखंड, पश्चिम बंगाल और राजस्थान के 10 विधानसभा सीटों में से 6 सीटों पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है।

जबकि कांग्रेस ने कर्नाटक के दोनों सीटों पर बड़ी जीत हासिल की है। वहीं दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा झटका लगा है। आप उम्मीदवार जमानत भी नहीं बचा सके।

दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मनिंदर सिंह सिरसा ने गुरुवार को राजौरी गार्डन सीट से दिल्ली विधानसभा उपचुनाव में जीत हासिल की है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, उन्होंने करीबी प्रतिद्वंदी कांग्रेस की मीनाक्षी चंदेला को करीब 14,000 वोटों के अंतर से हरा दिया है और दिल्ली में सत्तारूढ़ आप उम्मीदवार को तीसरे स्थान पर पछाड़ दिया।

निर्वाचन आयोग ने मतगणना का अंतिम चरण पूरा होने के बाद कहा कि रविवार को पड़े कुल 78,091 वोटों में से सिरसा को 40,602 वोट, चंदेला को 25,950 और आप के हरजीत सिंह को 10,243 वोट हासिल हुए हैं।

हिमाचल प्रदेश
भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा क्षेत्र की भोरंज सीट पर गुरुवार को जीत दर्ज कर ली। भाजपा के अनिल धीमान ने कांग्रेस की प्रमिला देवी को 8,000 से अधिक वोटों के अंतर से हराकर जीत हासिल की।

निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, रविवार को पड़े कुल 46,848 वोटों में से धीमान को 24,434 वोट मिले, जबकि प्रमिला देवी को 16,144 वोट मिले।

मध्य प्रदेश
मध्य प्रदेश में भिंड जिले के अटेर और उमरिया जिले के बांधवगढ़ विधानसभा सीट पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है।

अटेर में कांग्रेस के उम्मीदवार सत्यदेव कटारे के निधन और बांधवगढ़ में बीजेपी विधायक ज्ञान सिंह के लोकसभा सदस्य निर्वाचित होने के कारण यहां चुनाव हुए। कांग्रेस उम्मीदवार हेमंत दिवंगत कांग्रेस नेता सत्यदेव कटारे और बीजेपी प्रत्याशी शिवनारायण सांसद ज्ञान सिंह के पुत्र हैं।

और पढ़ें: केजरीवाल ने EC को लिखा ख़त, MCD चुनाव EVM नहीं बैलेट पेपर से हो

कर्नाटक
दक्षिणी कर्नाटक के दोनों विधानसभा सीटों गुंडलुपेट और नंजनगुड पर उपचुनाव में कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। नंजनगुड सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार 21234 वोटों पर जीत दर्ज की है। गुंडलुपेट विधानसभा सीट पर गीथा महादेव प्रसाद ने 10877 वोटों से जीत दर्ज की है।

असम
असम विधानसभा के धेमाजी सीट पर बीजेपी ने जीत दर्ज की है। रानोज पीगू ने कांग्रेस उम्मीदवार को 9285 से हराया है।

असम के मुख्यमंत्री सर्वानंद सोनोवाल के अपने संसदीय सीट से इस्तीफा देने के बाद भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रधान बरुआ के लखीमपुर निर्वाचन क्षेत्र से संसद सदस्य चुने जाने के बाद यहां उप चुनाव जरूरी हो गया था।

झारखंड
झारखंड के लिट्टीपाड़ा विधानसभा पर झारखंड मुक्ति मोर्चा के उम्मीदवार सिमोन मरांडी ने जीत दर्ज की है। झारखंड मुक्ति मोर्चा पिछले 40 सालों से इस सीट को जीतता आ रहा है। बीजेपी ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के पूर्व नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री हेमलाल मुरमु को मैदान में उतारा था।

राजस्थान
राजस्थान के धौलपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार शोभा रानी कुशवाहा ने बड़े अंतर से जीत दर्ज की है। यहां कांग्रेस उम्मीदवार से उनका मुकाबला था। धौलपुर विधानसभा सीट पिछले साल रिक्त हो गई थी, जब बसपा विधायक बनवारी लाल कुशवाहा हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए थे।

पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल के कांथी दक्षिण विधानसभा सीट पर टीएमसी उम्मीदवार चंद्रीमा भट्टाचार्य ने बीजेपी उम्मीदवार को हराया है।

और पढ़ें: कांग्रेस, बीजेपी, आप समेत सभी दल पूर्वांचल के मतदाताओं को लुभाने की होड़ में

आईपीएल 10 से जुड़ी हर बड़ी खबर के लिए यहां क्लिक करें