logo-image

ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी में 'आधार' शामिल, मित्रों, गो-रक्षक भी था दौड़ में

'आधार' को सरकारी योजनाओं में अनिवार्य बनाने और इसके खिलाफ उठी आवाज के बाद काफी चर्चा में आए 'आधार' को ऑक्सफोर्ड डिक्शनरीज में भी जगह मिली है।

Updated on: 28 Jan 2018, 06:22 AM

नई दिल्ली:

'आधार' को सरकारी योजनाओं में अनिवार्य बनाने और इसके खिलाफ उठी आवाज के बाद काफी चर्चा में आए 'आधार' को ऑक्सफोर्ड डिक्शनरीज में भी जगह मिली है। ऑक्सफोर्ड डिक्शनरीज ने जयपुर लिटरेचर फेस्ट (जेएलएफ) में 'आधार' को वर्ष 2017 का हिंदी शब्द घोषित किया।

ऑक्सफोर्ड डिक्शनरीज ने अंग्रेजी शब्द की तरह पहली बार वर्ष के हिंदी शब्द की घोषणा की। 'आधार' को 'मित्रों', 'नोटबंदी' और 'गो रक्षक' जैसे शब्दों से चुनौती मिली।

'आधार' शब्द की घोषणा के मौके पर लेखक अशोक वाजपेयी ने कहा कि मित्रों शब्द गलत है, मित्रो सही शब्द है। नेताओं की जिम्मेदारी नहीं है भाषा बचाना। आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावी जनसभा में 'मित्रों' शब्द का इस्तेमाल करते हैं।

वाजपेयी ने कहा, 'भाषा की रक्षा करना लोगों की अपनी जिम्मेदारी है। बदलाव के साथ नए शब्द भी आएंगे, लेकिन भाषा को बचाने की जिम्मेदारी लोगों को खुद ही उठानी होगी।'

वहीं वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ ने कहा कि पाठकों को आसान भाषा में खबर समझाना मीडिया की जिम्मेदारी है। खबर को साहित्य बनाकर पेश करना जरूरी नहीं है।

और पढ़ें: आधार पर SC का सवाल- कंपनियों को दे सकते हैं जानकारी तो सरकार को क्यों नही?