/newsnation/media/media_files/2026/01/31/kal-ka-mausam-2026-01-31-19-13-34.jpg)
कल का मौसम Photograph: (NN)
मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, फरवरी की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है. अगले कुछ दिनों में पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश का सिलसिला शुरू होने वाला है.
पहाड़ों पर होगी बर्फबारी
फरवरी के पहले हफ्ते में एक के बाद एक तीन 'पश्चिमी विक्षोभ' (Western Disturbances) एक्टिव होने जा रहे हैं. इसका सीधा असर पहाड़ों से लेकर मैदानों तक दिखेगा. जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी और बारिश का अलर्ट है. पंजाब, हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में 1 से 3 फरवरी के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं, राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है.
कोहरे ने थामी रफ्तार
आज सुबह उत्तर भारत के कई राज्य घने कोहरे की चादर में लिपटे रहे. उत्तर प्रदेश में तो विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई, जिससे सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार सुस्त पड़ गई. पंजाब, हरियाणा, बिहार और असम जैसे राज्यों में भी सुबह के वक्त धुंध का गहरा असर देखा गया.
कहां कितनी रही ठंड?
पारा गिरने से ठिठुरन अभी बरकरार है. पिछले 24 घंटों में पंजाब का फरीदकोट सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. हिमाचल और हरियाणा में तापमान 0 से 5 डिग्री के बीच बना हुआ है. यूपी, एमपी और झारखंड में रात का पारा 5 से 10 डिग्री के बीच रह रहा है.
क्यों बदल रहा है अचानक मौसम?
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस समय हवाओं का एक चक्रवात (Cyclonic Circulation) पाकिस्तान और अफगानिस्तान के ऊपर बना हुआ है. साथ ही, आसमान में काफी ऊंचाई पर बहुत तेज रफ्तार से हवाएं (Jet Stream) चल रही हैं. ये दोनों सिस्टम मिलकर उत्तर भारत के मौसम को प्रभावित कर रहे हैं, जिससे बारिश और ओले गिरने जैसी स्थितियां बन रही हैं.
आने वाले दिनों के लिए सावधानी
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 1 फरवरी को पहाड़ों पर बिजली कड़कने के साथ 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. वहीं, यूपी और बिहार में अगले दो दिन 'शीत दिवस' (Cold Day) जैसे हालात रह सकते हैं. अगर आप कहीं सफर करने का प्लान बना रहे हैं, तो कोहरे और बारिश को ध्यान में रखकर ही घर से निकलें.
ये भी पढ़ें- 'केंद्र सरकार की तर्ज पर उत्तर प्रदेश में राज्य गारंटी पॉलिसी लागू होगी', सीएम योगी ने किया ऐलान
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us