logo-image

नीलगिरी में नामांकन के दौरान भाजपा, अन्नाद्रमुक कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद लाठीचार्ज

नीलगिरी में नामांकन के दौरान भाजपा, अन्नाद्रमुक कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद लाठीचार्ज

Updated on: 25 Mar 2024, 06:10 PM

चेन्नई:

तमिलनाडु के नीलगिरी में सोमवार को जिला समाहरणालय के पास भाजपा और अन्नाद्रमुक कार्यकर्ताओं के बीच झड़प के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज किया।

भाजपा उम्मीदवार और केंद्रीय मत्स्य पालन राज्य मंत्री एल. मुरुगन और अन्नाद्रमुक उम्मीदवार डी. लोकेश तमिलसेल्वन जब नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए कलक्ट्रेट पहुंचे तो कार्यकर्ताओं में झड़प हो गई।

दोनों प्रत्याशी बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे थे। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी जिसके बाद हल्की झड़प हुई और बाद में दोनों गुटों के बीच बड़ी लड़ाई हो गई।

इस मौके पर तमिलनाडु भाजपा अध्यक्ष के. अन्नामलाई भी एल. मुरुगन के साथ थे।

दोनों पक्षों के कुछ कार्यकर्ता घायल हो गए। बाद में अन्नामलाई ने नीलगिरी अस्पताल का दौरा किया जहां घायल कार्यकर्ताओं का इलाज चल रहा है।

अन्नामलाई ने मीडियाकर्मियों से कहा कि पार्टी तब तक विरोध-प्रदर्शन करेगी जब तक नीलगिरी के पुलिस अधीक्षक को अनावश्यक रूप से लाठीचार्ज का आदेश देने के लिए स्थानांतरित नहीं किया जाता।

इस बीच दोनों नेताओं ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किये।

द्रमुक के उप महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री ए. राजा नीलगिरी लोकसभा सीट से इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार हैं।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.