/newsnation/media/media_files/qxYHYANJKDHneNoOuNr5.jpg)
Air India News: एयर इंडिया ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लंदन से बेंगलुरु आने वाली अपनी एक इंटरनेशनल फ्लाइट को उड़ान से पहले ही रोक दिया. यह फ्लाइट बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान से संचालित होनी थी. फ्लाइट नंबर AI-132 सोमवार को लंदन के हीथ्रो एयरपोर्ट से बेंगलुरु के लिए रवाना होने वाली थी, लेकिन तकनीकी खराबी की आशंका के चलते इसे ग्राउंड कर दिया गया.
इसलिए लिया गया ये फैसला
दरअसल, विमान के पायलट ने उड़ान से पहले इंजन स्टार्ट के दौरान फ्यूल कंट्रोल स्विच में संभावित खराबी की जानकारी दी. पायलट की रिपोर्ट के अनुसार, बाएं इंजन का फ्यूल कंट्रोल स्विच दो बार ‘रन पोजिशन’ में ठीक से टिक नहीं पाया और अपने आप ‘कट-ऑफ पोजिशन’ में लौट गया. यह स्थिति उड़ान के दौरान बड़े खतरे का कारण बन सकती थी. इसी वजह से एयर इंडिया ने तुरंत फैसला लेते हुए विमान की उड़ान रद्द कर दी.
एयर इंडिया ने बयान भी जारी किया
एयर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि पायलट की इस सूचना को गंभीरता से लिया गया है. सुरक्षा के लिहाज से विमान को ग्राउंड किया गया है और मामले की जांच के लिए विमान निर्माता कंपनी (OEM) को भी शामिल किया गया है. साथ ही इस पूरे मामले की जानकारी देश के एविएशन रेगुलेटर DGCA (नागर विमानन महानिदेशालय) को भी दे दी गई है.
लिया गया ये एक्शन
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि DGCA के निर्देशों के बाद कंपनी ने अपने बेड़े में शामिल सभी बोइंग 787 विमानों के फ्यूल कंट्रोल स्विच की जांच करवाई थी, जिसमें कोई बड़ी समस्या सामने नहीं आई थी. इसके बावजूद पायलट की शिकायत को प्राथमिकता देते हुए संबंधित विमान को उड़ान की अनुमति नहीं दी गई.
अहमदाबाद हादसे में भी यही बना था कारण
गौर करने वाली बात यह है कि पिछले साल अहमदाबाद में हुए एयर इंडिया के विमान हादसे में भी फ्यूल कंट्रोल स्विच में गड़बड़ी की बात सामने आई थी. उस हादसे में एयर इंडिया का बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान टेकऑफ के तुरंत बाद क्रैश हो गया था. ऐसे में ताजा घटना ने एक बार फिर विमान की तकनीकी सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.
एयर इंडिया ने साफ किया है कि यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा कंपनी की सबसे बड़ी प्राथमिकता है और किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया जाएगा.
यह भी पढ़ें: Canada: वैंकूवर एयरपोर्ट पर शराब पीने की वजह से हिरासत में लिया गया Air India का पायलट, शुरू हो गई जांच
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us