/newsnation/media/media_files/2025/06/05/0RMyMACeF8AGep36wRk0.jpg)
Photograph: (X)
कांग्रेस पार्टी में शशि थरूर की अहमियत एक बार फिर बढ़ती नजर आ रही है. संसद के बजट सत्र में उन्हें सबसे पहले बोलने का मौका दिया गया और अब केरल विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने थरूर को केरल में कैंपेन कमिटी (प्रचार अभियान समिति) का सह-प्रमुख बनाया है. इस कमिटी के प्रमुख वरिष्ठ नेता रमेश चेन्नीथला हैं. दस सदस्यीय इस समिति में चेन्नीथला और थरूर के अलावा ज्यादातर युवा नेताओं को शामिल किया गया है.
नायर समुदाय को माना जाता है प्रभावशाली
कांग्रेस संगठन में कैंपेन कमिटी प्रमुख को प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता के बराबर माना जाता है. कई बार इसे मुख्यमंत्री पद का संभावित दावेदार भी समझा जाता है. चेन्नीथला और थरूर दोनों नायर समुदाय से आते हैं, जो केरल की राजनीति में प्रभावशाली माना जाता है. बीजेपी भी इस समुदाय में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है. ऐसे में कांग्रेस इस वोट बैंक को अपने साथ बनाए रखना चाहती है.
Hon'ble Congress President Shri @kharge has approved the proposal for the constitution of the Campaign Committee and the Manifesto Committee of the Kerala Pradesh Congress Committee for the upcoming Assembly elections, as follows, with immediate effect 👇 pic.twitter.com/XJS82dDp6T
— Congress (@INCIndia) February 12, 2026
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल और केरल में विधायक दल के नेता वीडी सतीशन भी नायर समुदाय से हैं, जबकि प्रदेश अध्यक्ष सन्नी जोसफ ईसाई हैं. चुनावी घोषणापत्र तैयार करने की जिम्मेदारी बेनी बेहनन को दी गई है, जो ईसाई समुदाय से आते हैं. इससे साफ है कि कांग्रेस सामाजिक संतुलन साधने की रणनीति पर काम कर रही है.
एकजुटता का संदेश
पिछले कुछ समय से शशि थरूर के बयानों से पार्टी नेतृत्व असहज था. वे कई महत्वपूर्ण बैठकों से भी दूर रहे, जिससे मतभेद की खबरें सामने आईं. लेकिन जनवरी के आखिर में राहुल गांधी और खरगे के साथ हुई लंबी बैठक के बाद हालात बदले. थरूर ने ‘ऑल इज वेल’ कहकर विवाद खत्म होने का संकेत दिया. अब उन्हें बड़ी जिम्मेदारी देकर कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह उनकी लोकप्रियता और बौद्धिक छवि का फायदा चुनाव में उठाना चाहती है. यह कदम पार्टी के अंदर एकजुटता का संदेश भी देता है.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us