/newsnation/media/media_files/2026/02/25/ismail-darbar-accuse-sanjay-leela-bhansali-2026-02-25-11-38-13.jpg)
Ismail Darbar Accuse Sanjay Leela Bhansali Photograph: (Instagram @BhansaliProductions)
Ismail Darbar Accuse Sanjay Leela Bhansali: म्यूजिक कंपोजर इस्माइल दरबार और फिल्ममेकर संजय लीला भंसाली की जोड़ी ने भारतीय सिनेमा को 'हम दिल दे चुके सनम' और 'देवदास' जैसे गाने दिए हैं. दोनों के बीच की केमिस्ट्री ने हमेशा इतिहास रचा, लेकिन पर्दे के पीछे की कहानी काफी उतार-चढ़ाव भरी रही है. हाल ही में शुभोजित घोष के यूट्यूब चैनल को दिए एक इंटरव्यू में इस्माइल दरबार ने भंसाली के साथ अपने रिश्तों पर कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. उन्होंने भंसाली पर दो बार धोखा देने का आरोप लगाया है और बताया है कि आखिर क्यों इतने गहरे दोस्त होने के बावजूद उनके बीच दरार आ गई.
'हीरामंडी' बनी दोस्ती में दरार की वजह
इस्माइल दरबार के अनुसार, उनकी दोस्ती में कड़वाहट की सबसे बड़ी वजह एक आर्टिकल बना. उस आर्टिकल में इस्माइल को भंसाली की वेब सीरीज 'हीरामंडी: द डायमंड बाजार' की 'रीढ़' बताया गया था. इस्माइल का दावा है कि यह बात भंसाली को रास नहीं आई. उन्होंने बताया कि उन्होंने 'हीरामंडी' के म्यूजिक पर लगभग डेढ़ साल तक कड़ी मेहनत की थी, लेकिन भंसाली ने उन्हें बिना बताए प्रोजेक्ट से हटा दिया. दरबार ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अगर वह दोनों साथ मिलकर 'हीरामंडी' करते, तो वे एक बार फिर संगीत की दुनिया में इतिहास रच देते.
'तड़प तड़प के' का इमोशनल किस्सा
इंटरव्यू के दौरान इस्माइल ने फिल्म 'हम दिल दे चुके सनम' के मशहूर गाने 'तड़प तड़प के' से जुड़ा एक बेहद निजी किस्सा साझा किया. उन्होंने बताया कि जब भंसाली ने पहली बार यह गाना सुना, तो वह इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने इसे लगातार नौ बार सुना. नौवीं बार गाना खत्म होने के बाद भंसाली भावुक होकर 'कुत्ते की तरह' रोने लगे थे. उन्होंने स्वीकार किया था कि इसी गाने ने उनके दिमाग में फिल्म का इंटरवल और क्लाइमेक्स स्पष्ट किया था. हालांकि, इतने गहरे जुड़ाव के बावजूद इस्माइल को शिकायत है कि भंसाली ने अक्सर उनके काम को आखिरी समय तक लटकाए रखा.
इस्माइल ने लगाया भंसाली पर धोखे का आरोप
इस्माइल दरबार ने सीधे शब्दों में भंसाली पर धोखा देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, "मेरे दिमाग में यह बात घर कर गई कि उन्होंने मुझे एक नहीं, बल्कि दो बार बड़ा धोखा दिया. मुझसे बातें छिपाई गईं और वादे तोड़ दिए गए." इस्माइल ने अपने स्वाभिमान पर जोर देते हुए कहा कि उन्हें काम छूटने का डर कभी नहीं रहा क्योंकि उन्हें ईश्वर पर भरोसा है. उन्होंने कहा कि अगर भंसाली उनसे खुलकर बात करते, तो वह खुद ही पीछे हट जाते, उन्हें निकालने की जरूरत नहीं पड़ती.
'देवदास' में भंसाली ने सहे नखरे
विवादों के बीच इस्माइल ने भंसाली के प्रति अपना सम्मान भी प्रकट किया. उन्होंने याद किया कि 'देवदास' की शूटिंग के दौरान भंसाली ने उनके बहुत नखरे सहे थे. उस समय भंसाली ने किसी को भी इस्माइल का इंटरव्यू लेने की अनुमति नहीं दी थी ताकि काम प्रभावित न हो. इस्माइल ने कहा, "भले ही मैं उनके बारे में कड़वी बातें कहूं, लेकिन अंदर से मुझे दर्द होता है क्योंकि उन्होंने मुझे बनाया है. अगर वह उस समय मेरे नखरे नहीं उठाते, तो मैं आज जनता के सामने इस मुकाम पर नहीं होता."
यह भी देखें- The Kerala Story 2 पर सेंसर बोर्ड ने लगाए 16 कट्स, क्यों किया गया 5 सीन्स में बदलाव? तेज हुई फिल्म पर सियासी जंग
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us