logo-image

जब अर्जुन तेंदुलकर की यॉर्कर पर इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो को आया 'पसीना', लड़खड़ाते हुए मैदान से हुए बाहर

इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो बुधवार को नेट्स में अभ्यास के दौरान 17 साल के अर्जुन की यॉर्कर गेंद पर लड़खड़ा गए। अर्जुन तेंदुलकर की गेंद सीधे बेयरस्टो की बाएं पैर पर लगी।

Updated on: 06 Jul 2017, 07:19 PM

highlights

  • इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच टेस्ट सीरीज से पहले लॉर्ड्स पर अभ्यास कर रहे थे बेयरस्टो
  • बेयरस्टो की चोट गंभीर नहीं, सीरीज में बने रहेंगे
  • चैम्पियंस ट्रॉफी के दौरान गेंदबाजी का अभ्यास करते दिखे थे अर्जुन

नई दिल्ली:

दो दशक से ज्यादा तक टीम इंडिया का हिस्सा रहे और क्रिकेट की दुनिया में भगवान का दर्जा तक हासिल कर चुके सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर का भी क्रिकेट के प्रति लगाव किसी से छिपा नहीं हैं। वह अक्सर क्रिकेट के मैदान पर अपने किसी न किसी कारनामे से सुर्खियों में बने रहते हैं।

अब अर्जुन तेंदुलकर एक बार सुर्खियों में हैं। दरअसल, इंग्लैंड के बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो बुधवार को नेट्स में अभ्यास के दौरान 17 साल के अर्जुन की यॉर्कर गेंद पर लड़खड़ा गए। अर्जुन तेंदुलकर की गेंद सीधे बेयरस्टो की बाएं पैर पर लगी। डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक इस गेंद के तत्काल के बाद बेयरस्टो नेट्स से बाहर चले गए।

हालांकि इससे उनके दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में खेलने की संभावना पर कोई असर नहीं पड़ा है। लेकिन गेंद से चोट के बाद दर्द से राहत पाने के लिए उन्हें मेडिकल सहायता जरूर लेनी पड़ी। बेयरस्टो गुरुवार से दक्षिण अफ्रीका के साथ शुरू हो रहे टेस्ट सीरीज के पहले टेस्ट के लिए अभ्यास कर रहे थे।

इससे पहले अर्जुन हाल में खत्म हुई चैम्पियंस ट्रॉफी के दौरान दक्षिण अफ्रीकी टीम के साथ भी अभ्यास करते नजर आए थे। बता दें कि गर्मियों की छुट्टी के कारण पूरा तेंदुलकर परिवार तब लंदन में था।

यह भी पढ़ें: किंग्स्टन वनडे: सीरीज जीतने के लिए उतरेगी टीम इंडिया, विंडीज के लिए बराबरी का मौका

सचिन तेंदुलकर लगभग हर गर्मी में करीब एक महीने के लिए छुट्टी मनाने इंग्लैंड जाते हैं। तेंदुलकर का एक घर भी लॉर्ड्स के पास सेंट जॉन्स वूड में है। इन छुट्टियों के दौरान अर्जुन तेंदुलकर पढ़ाई से छुट्टी से लेकर क्रिकेट का अभ्यास करते रहते हैं। बताते चलें कि सचिन तेंदुलकर ने जहां पूरी दुनिया में अपनी पहचान एक दमदार बल्लेबाज के तौर पर कायम की वहीं, अर्जुन मूल रूप से एक गेंदबाज हैं।

बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जुन मुंबई अंडर-14 और अंडर-16 टीम के लिए भी खेल चुके हैं।

यह भी पढ़ें: विंबलडन 2017: मरे और नडाल तीसरे दौर में पहुंचे, दोनों ने दर्ज की आसान जीत