/newsnation/media/media_files/2026/02/01/budget-2026-top-10-annuoncement-2026-02-01-14-55-37.jpg)
Photograph: (photo AI)
Budget 2026 Highlights: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी 2026 को संसद में अपना नौवां आम बजट पेश किया. यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि विकसित भारत के रोडमैप की झलक भी है. बुनियादी ढांचे से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, टेक्नोलॉजी और MSME तक सरकार ने हर उस सेक्टर पर फोकस किया है जो देश की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाई दे सकता है.
आइए जानते हैं केंद्रीय बजट 2026 के 10 सबसे बड़े ऐलान, जो आने वाले वर्षों में भारत की तस्वीर बदल सकते हैं...
1. बायो-फार्मा शक्ति मिशन: भारत बनेगा ग्लोबल हब
सरकार ने अगले 5 वर्षों में 10,000 करोड़ रुपये के निवेश से बायो-फार्मा शक्ति स्थापित करने का ऐलान किया है. इसके तहत तीन नए संस्थान खोले जाएंगे. उद्देश्य है भारत को वैश्विक बायो-फार्मा मैन्युफैक्चरिंग हब बनाना और युवाओं के लिए नए करियर अवसर पैदा करना.
2. कॉरपोरेट बॉन्ड बाजार को मिलेगा नया बल
वित्त मंत्री ने कॉर्पोरेट बॉन्ड इंडेक्स पर आधारित फंड और डेरिवेटिव्स के लिए एक नए मार्केट-मेकिंग फ्रेमवर्क का प्रस्ताव रखा. इससे बॉन्ड बाजार में लिक्विडिटी बढ़ेगी और कंपनियों को पूंजी जुटाने में आसानी होगी.
3. कैपिटल एक्सपेंडिचर में रिकॉर्ड बढ़ोतरी
सरकार ने वित्त वर्ष 2027 के लिए कैपेक्स को 11.2 लाख करोड़ से बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये कर दिया है. यह कदम इंफ्रास्ट्रक्चर, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को गति देने वाला माना जा रहा है.
4. 7 नए हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर
पर्यावरण-अनुकूल और तेज़ यात्री परिवहन को बढ़ावा देने के लिए 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की गई है. इनमें शामिल हैं... मुंबई-पुणे, पुणे-हैदराबाद, हैदराबाद-बेंगलुरु, हैदराबाद-चेन्नई, चेन्नई-बेंगलुरु, दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी.
5. इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन 2.0
सरकार ने ISM 2.0 लॉन्च करते हुए 40,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है. इसका उद्देश्य चिप मैन्युफैक्चरिंग में आत्मनिर्भरता बढ़ाना और भारत को वैश्विक सेमीकंडक्टर सप्लाई चेन का अहम हिस्सा बनाना है.
6. बैंकिंग सुधारों के लिए हाई-लेवल कमेटी
विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार बैंकिंग सेक्टर पर एक उच्च स्तरीय समिति गठित करेगी. यह समिति पूरी बैंकिंग प्रणाली की समीक्षा कर भविष्य के सुधारों का रोडमैप तैयार करेगी.
7. स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूती: 3 नए AIIMS
बजट 2026 में तीन नए AIIMS स्थापित करने की घोषणा की गई है. साथ ही आयुष फार्मेसियों के उन्नयन और 5 मेडिकल टूरिज्म हब विकसित करने में राज्यों को सहयोग देने का ऐलान भी किया गया.
8. आत्मनिर्भर भारत फंड को बढ़ावा
MSME सेक्टर को मजबूत करने के लिए आत्मनिर्भर भारत कोष में 4,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि दी जाएगी. साथ ही 10,000 करोड़ रुपये का नया फंड स्थापित करने का प्रस्ताव रखा गया है, जिससे छोटे उद्योग बड़े उद्यमों में बदल सकें.
9. एजुकेशन टू एंप्लॉयमेंट पर फोकस
सरकार ने Education to Employment Enterprises Standing Committee बनाने की घोषणा की है. इसका मकसद उन सेक्टर्स की पहचान करना है जहां रोजगार, निर्यात और तेज़ विकास की संभावनाएं सबसे अधिक हैं.
10. NRI निवेश सीमा में बड़ा बदलाव
अनिवासी भारतीयों (NRI) के लिए निवेश सीमा 5% से बढ़ाकर 10% और कुल सीमा 10% से बढ़ाकर 24% कर दी गई है. इससे भारत में दीर्घकालिक विदेशी निवेश बढ़ने की उम्मीद है.
केंद्रीय बजट 2026 स्पष्ट रूप से इंफ्रास्ट्रक्चर, इनोवेशन, इंडस्ट्री और इंसानी पूंजी पर केंद्रित है. सरकार का लक्ष्य साफ है आर्थिक मजबूती के साथ भारत को विकसित राष्ट्र की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ाना.
यह भी पढ़ें - 'ये बजट विकसित भारत की ऊंची उड़ान का मजबूत आधार', PM मोदी ने बजट को बताया अपार अवसरों का राजमार्ग
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us