logo-image

सोनम कपूर ने किया खुलासा, अच्छा दिखने के लिए सिर्फ मेकअप नहीं, करने पड़ते हैं कई काम

सोनम कपूर जल्द ही 'वीरे दी वेडिंग' में नजर आएंगी। इसमें सोनम के अलावा करीना कपूर और स्वरा भास्कर भी लीड रोल में हैं।

Updated on: 22 Feb 2018, 02:59 PM

मुंबई:

आपने हमेशा बॉलीवुड सेलिब्रिटीज को ग्लैमरस लुक में देखा है। एयरपोर्ट लुक, जिम लुक, पार्टी लुक या रेड कार्पेट लुक.. हम हमेशा उन्हें फुल मेकअप और महंगी ड्रेसेस में देखते हैं, लेकिन क्या आपको पता है कि इसके लिए एक एक्टर को क्या-क्या करना पड़ता है? अगर आप यह बात जान जाएं तो शायद साधारण इंसान बनकर रहना ही पसंद करें। फिल्म इंडस्ट्री में फैशन आइकॉन कही जाने वाली सोनम कपूर ने इस कड़वी सच्चाई का खुलासा किया है।

सोनम ने करीब एक साल पहले इंटरव्यू दिया था, जो अब वायरल हो रहा है। उन्होंने बताया था कि लोगों के सामने आने से पहले उन्हें क्या-क्या करना पड़ता है। खूबसूरत दिखने के लिए सिर्फ मेकअप ही नहीं, और भी कई चीजों पर ध्यान देना पड़ता है। एक्ट्रेस ने कहा कि हर लड़की शीशे के सामने खड़े होकर यह सोचती है कि वह सेलिब्रिटी की तरह क्यों नहीं दिखती? तो उन लड़कियों को बताना जरूरी है कि कोई भी सेलेब सोकर उठने के बाद वैसा नहीं दिखता, जैसा आप सोचते हैं।

ये भी पढ़ें: Bigg Boss 9 के विनर को नहीं पसंद सोशल मीडिया की ये बात

32 साल की सोनम ने कहा था, 'मुझे रोजाना करीब डेढ़ घंटे तक मेकअप की कुर्सी पर बैठना पड़ता है। 5-6 लोग मेरे बाल बनाते हैं और मेकअप करते हैं। कुछ प्रोफेशनल्स नेल्स शेप करते हैं। हर हफ्ते मेरी आईब्रो को शेप दिया जाता है। मेरे हर बॉडी पार्ट पर कंसीलर लगाया जाता है।'

सोनम कपूर ने आगे कहा, 'अच्छी बॉडी के लिए मुझे हर सुबह 6 बजे उठना पड़ता है और डेढ़ घंटे तक जिम करना होता है। मैं रोजाना एक्सरसाइज करती हूं। सोने से पहले भी एक्सरसाइज करती हूं।'

एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि वह अपनी मर्जी से कुछ खा भी नहीं सकती हैं। सोनम ने लिखा, 'मुझे क्या खाना है, यह डिसाइड करने के लिए एक व्यक्ति मेरे साथ रहता है। मेरे खाने से ज्यादा फेस पैक में चीजें इस्तेमाल होती हैं। कपड़े डिसाइड करने के लिए भी एक टीम है। इन सबके बावजूद अगर मैं सुंदर नहीं लगती तो फोटो को एडिट किया जाता है।'

सोनम ने कहा, 'मैं पहले से ही कहती आई हूं कि सेलिब्रिटी लुक के लिए टीम, बहुत सारा पैसा और टाइम लगता है। आप जो ऊपर से देखते हैं, वह सच्चाई नहीं है। अगर कोई 13 साल की लड़की मैगजीन कवर पर किसी बॉलीवुड एक्ट्रेस को एक्साइटमेंट के साथ देखती है तो उसके दिमाग में चल रहे मिथ को जरूर तोड़ें। उसे यह बताएं कि वो भी खूबसूरत है।

बता दें कि सोनम कपूर जल्द ही 'वीरे दी वेडिंग' में नजर आएंगी। इसमें सोनम के अलावा करीना कपूर और स्वरा भास्कर भी लीड रोल में हैं। यह फिल्म 1 जून 2018 को रिलीज होगी।

ये भी पढ़ें: खोज: बिना इंसुलिन के संभव होगा डायबिटीज का इलाज!