X

'टाइगर जिंदा है' से पहले सलमान खान की इन 11 फिल्मों ने किया 100 करोड़ का कारोबार

News Nation Bureau New Delhi 26 December 2017, 09:11:13 AM
Follow us on News
सलमान खान और कैटरीना कैफ (फाइल फोटो)

सलमान खान और कैटरीना कैफ की मूवी 'टाइगर जिंदा है' 22 दिसंबर को रिलीज हो गई। पहले वीकेंड पर ही जबरदस्त कमाई करते हुए यह फिल्म 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर मूवी 115 करोड़ का बिजनेस कर चुकी है। ताबड़तोड़ कमाई के साथ ही 'टाइगर जिंदा है' कई रिकॉर्ड्स तोड़ रही है और कई नए रिकॉर्ड्स बना रही है। इसके पहले सलमान की 11 फिल्में 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो चुकी है।

ट्यूबलाइट (2017)

ट्यूबलाइट (2017) यह फिल्म 6 दिन में 100 करोड़ के क्लब में शामिल हुई थी। हालांकि उम्मीद के मुताबिक ट्यूबलाइट का बिजनेस धीमा रहा था। इसमें चाइनीज एक्ट्रेस जू जू और चाइल्ड आर्टिस्ट माटिन रे तंगू भी लीड रोल में थे।

सुल्तान (2016)

सुल्तान (2016) ईद के मौके पर रिलीज हुई 'सुल्तान' ने बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार ओपनिंग की थी। इस फिल्म ने तीन दिन में 100 करोड़ का कारोबार किया था। इसमें अनुष्का शर्मा ने अहम रोल निभाया था।

बजरंगी भाईजान (2015)

बजरंगी भाईजान (2015) करीना कपूर और सलमान खान की फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जलवा कायम करते हुए महज 3 दिन के अंदर 100 करोड़ का बिजनेस किया था। इस फिल्म को दर्शकों का खूब प्यार मिला था।

प्रेम रतन धन पायो (2015)

प्रेम रतन धन पायो (2015) नवंबर महीने में रिलीज हुई 'प्रेम रतन धन पायो' में सलमान खान के अपोजिट सोनम कपूर थीं। इस फिल्म ने भी तीन दिनों में 100 करोड़ का बिजनेस किया था।

किक (2014)

किक (2014) सलमान खान की फिल्म 'किक' ने पांच दिन में 100 करोड़ का बिजनेस किया था। इस फिल्म में जैकलीन फर्नांडीज, रणदीप हुड्डा, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, मिथुन चक्रवर्ती और संजय मिश्रा जैसे कलाकार नजर आए थे।

एक था टाइगर (2012)

एक था टाइगर (2012) हालिया रिलीज 'टाइगर जिंदा है' इसी फिल्म का सीक्वल है। 'एक था टाइगर' में सलमान और कैटरीना को जोड़ी को लोगों ने खूब पसंद किया था। वहीं फिल्म छह दिन में 100 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई थी।

दबंग 2 (2012)

दबंग 2 (2012) अरबाज खान के प्रोडक्शन के बैनर तहत बनी 'दबंग' ने छह दिन में 100 करोड़ का बिजनेस किया था। 'चुलबुल पांडे' का किरदार आज भी लोगों के जहन में बसा हुआ है। इसमें सोनाक्षी सिन्हा और अरबाज खान भी अहम रोल में थे।

बॉडीगार्ड (2011)

बॉडीगार्ड (2011) सलमान खान और करीना कपूर के अलावा इस फिल्म में राज बब्बर, महेश मांजरेकर और हेजल कीच ने अहम भूमिका निभाई थी। यह मूवी आठ दिन में 100 करोड़ी बनी थी।

दबंग (2010)

दबंग (2010) इस फिल्म को दर्शकों ने इतना पसंद किया था कि साल 2012 में फिल्म का सीक्वल बना था। 'दबंग' ने दस दिन में 100 करोड़ का कारोबार किया था।

जय हो (2014)

जय हो (2014) बॉलीवुड के दबंग सलमान खान की फिल्म 'जय हो' बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक धमाल मचाने में कामयाब नहीं हो सकी थी। हालांकि मूवी 100 करोड़ के क्लब में तो शामिल हो गई, लेकिन उसे 10 दिन का लंबा इंतजार करना पड़ा। इस फिल्म से एक्ट्रेस डेजी शाह ने डेब्यू किया था।

रेडी (2011)

रेडी (2011) सलमान खान, असिन, अजय देवगन, संजय दत्त और परेश रावल ने अहम किरदार निभाया था। फिल्म में भरपूर कॉमेडी थी। 'रेडी' ने धीमी रफ्तार में कमाई करते हुए 12 दिन में 100 करोड़ का आंकड़ा छुआ था।

Top Story