.

ममता को मिला केजरीवाल का साथ, कहा नोटबंदी के खिलाफ बोला तो पीएम छोड़ेंगे नहीं

केजरीवाल ने कहा, 'यह मोदी जी की बदले की राजनीति है। उनका संदेश है कि अगर किसीने नोटबंदी के खिलाफ बोला तो छोड़ेंगे नहीं।'

News Nation Bureau
| Edited By :
04 Jan 2017, 08:48:33 AM (IST)

नई दिल्ली:

नोटबंदी के खिलाफ और अपने नेताओं की गिरफ्तारी के बाद केंद्र सरकार पर लगातार हमला कर रही पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री को अरविंद केजरीवाल का साथ मिल गया है।

ट्वीटर के जरिए ममता के समर्थन में उतरे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि पीएम मोदी बदले की राजनीति कर रहे हैं। उनका संदेश है कि अगर किसी ने नोटबंदी के खिलाफ बोला तो उसे छोड़ा नहीं जाएगा।

अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्वीटर हैंडल के जरिए ट्वीट कर कहा, 'यह मोदी जी की बदले की राजनीति है। उनका संदेश है कि अगर किसीने नोटबंदी के खिलाफ बोला तो छोड़ेंगे नहीं।'

दरअसल चर्चित रोज वैली चिटफंड घोटाला मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद सुदीप बंदोपाध्याय को गिरफ्तार कर लिया था। बंदोपाध्याय को आज भुवनेश्वर की अदालत में पेश किया जाएगा।

बंदोपाध्याय की गिरफ्तारी पर टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने विरोध जताया था। ममता ने बंदोपाध्याय की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार से राज्यव्यापी आंदोलन और धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया है।

इसे भी पढ़ेंः रोज वैली स्कैम में गिरफ्तार TMC सांसद सुदीप बंदोपाध्याय अदालत में होगें पेश

गिरफ्तारी के बाद ममता ने कहा था कि यह सिर्फ 'आर्थिक इमरजेंसी नहीं, पूर्ण इमरजेंसी है।' उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि हिम्मत है तो हमें गिरफ्तार करें।