जयराम ठाकुर बने हिमाचल के 14वें मुख्यमंत्री, दो मंत्रियों ने ली संस्कृत में शपथ
हिमाचल प्रदेश में चुनावी उठा पटक के बाद आज जयराम ठाकुर ने राज्य के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में पद ग्रहण किया।
highlights
- जयराम ठाकुर बने हिमाचल के 14वें मुख्यमंत्री
- सुरेश भारद्वाज और गोविंद सिंह ने मंत्री पद की शपथ संस्कृत में ली
- हिमाचल के इतिहास में ऐसा पहला मौका रहा जब मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री शामिल हुए
नई दिल्ली:
हिमाचल प्रदेश में चुनावी उठा पटक के बाद आज जयराम ठाकुर ने राज्य के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में पद ग्रहण किया। इस मौके पर बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह और प्रधानमंत्री मोदी भी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर समेत 10 मंत्रियों ने शपथ ली जिसमें से दो विधायकों सुरेश भारद्वाज और गोविंद सिंह ने मंत्री पद की शपथ संस्कृत में ली।
आपको बता दें कि हिमाचल के इतिहास में ऐसा पहला मौका रहा जब मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री शामिल हुए। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह और यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि बीजेपी ने 68 में से 44 सीटें जीतकर भारी बहुमत के साथ सरकार बनाई है। हालांकि सीएम के उम्मीदावर रहे प्रेम कुमार धूमल अपनी सीट नहीं बचा पाए, जिसके बाद जयराम ठाकुर को पद के लिए चुना गया।
जयराम ठाकुर के अलावा इन विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
1.महेंद्र सिंह ठाकुर
महेंद्र सिंह ठाकुर मंडी की धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र से 6 बार के विधायक हैं। वो सरकार में तीन बार मंत्री रह चुके हैं और उन्होंने पहले पांच चुनाव अलग-अलग चुनाव चिन्ह पर जीते।
2.राजीव सैजल
कसौली सीट से आए राजीव सैजल को जातीय समीकरण की वजह से मंत्रीमंडल में शामिल किया है। उन्होंने इस सीट पर लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की है।
3. सुरेश भारद्वाज ने संस्कृत में ली शपथ
सुरेश भारद्धाज बीएससी व लॉ ग्रेजुएट हैं और छात्र काल से ही एबीवीपी से जुड़े रहे हैं। यह राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं। उन्होंने संस्कृत में शपथ ली।
4. अनिल शर्मा
मंडी से विधायक अनिल शर्मा पंडित सुखराम शर्मा के बेटे हैं। हाल ही में वो चुनाव से ठीक पहले, कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। वो तीन बार विधायक और एक बार राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं।
5. गोविंद ठाकुर ने भी संस्कृत में ली शपथ
मनाली सीट से जीते गोविंद ठाकुर को भी जयराम ठाकुर के मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। गोविंद ठाकुर तीन बार लगातार विधायक बने चुने गए हैं।
6. रामलाल मार्कंडेय
लाहौल स्पीति से जीते रामलाल मार्कंडेय ने भी मंत्री पद का शपथ ली। उन्होंने तीसरी बार जीत दर्ज की है।
7. विपिन परमार
विपिन सिंह परमार ABVP से सक्रिय राजनीति में आए। उनका लंबा जुड़ाव संघ से रहा है। उन्होंने भी मंत्री पद की शपथ ली।
8. सरवीन चौधरी
सरवीन ने शाहपुर सीट से चुनाव जीता है। वो इस मंत्रिमंडल की इकलौती महिला मंत्री है। 1998 में पहली बार विधायक बनीं और जनवरी 2008 से दिसंबर 2012 तक मंत्री रहीं।
9. वीरेंद्र कवंर
ऊना सदर से जीते वींरेंद्र कवंर को भी मंत्री बनाया गया है। उन्हें युवा चेहरे के तौर पर मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है।
10. विक्रम सिंह
विक्रम सिंह ने भी मंत्री पद की शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने से पहले जयराम ठाकुर ने कहा कि बहुत खुशी होती अगर पिताजी आज साथ होते। एक साल पहले वो हमें छोड़कर चले गए। माताजी अस्वस्थ हैं पर उनका आशीर्वाद है और ये मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।
और पढ़ें: पाक में जाधव की पत्नी की चूड़ियां और बिंदी उतरवाना बेइज्जती: भारत