.

Hemant Soren Oath Ceremony: सोरेन के साथ 3 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली

बता दें कि झारखंड चुनाव में कांग्रेस, झामुमो और राजद के गठबंधन को बहुमत प्राप्त हुआ है. 81 सीटों वाली विधानसभा में इस गठबंधन ने 47 सीटों पर जीत दर्ज की है.

News Nation Bureau
| Edited By :
29 Dec 2019, 03:59:37 PM (IST)

रांची:

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन आज झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं. दोपहर 2 बजे से रांची के मोराबादी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह शुरू होगा. इस समारोह में देशभर के प्रमुख नेता मौजूद रहेंगे. बता दें कि झारखंड चुनाव में कांग्रेस, झामुमो और राजद के गठबंधन को बहुमत प्राप्त हुआ है. 81 सीटों वाली विधानसभा में इस गठबंधन ने 47 सीटों पर जीत दर्ज की है. हेमंत सोरेन के पास 3 विधायकों वाली झाविमो और एक विधायक वाले भाकपा-(मार्क्‍सवादी-लेनिनवादी) का भी समर्थन है. राज्य में सरकार बनाने वाले गठबंधन के पास पहली बार 50 से ज्यादा विधायकों का समर्थन है.

14:38 (IST)

आरजेडी के एकलौते विधायक सत्यानंद भोगता ने मंत्री पद की शपथ ली

झारखंड में आरजेडी के एकलौते विधायक सत्यानंद भोगता ने मंत्री पद की शपथ ली. उन्होंने चतरा विधानसभा सीट से जीत हासिल की. 

14:35 (IST)

रामेश्वर उरांव ने मंत्री पद की शपथ ली

कांग्रेस विधायक रामेश्वर उरांव ने भी मंत्री पद की शपथ ली. वो झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष भी हैं. उन्होंने इस बार लोहरदगा सीट से विधानसभा का चुनाव जीता है. 

14:26 (IST)

आलमगीर आलम ने मंत्री पद की शपथ ली

कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने मंत्री पद की शपथ ली. पाकुड़ सीट से चुनाव जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं.

14:23 (IST)

दूसरी बार झारखंड के CM बने हेमंत सोरेन

हेमंत सोरेन ने दूसरे बार झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है. इससे पहले 2013 में भी कांग्रेस गठबंधन की सरकार में वो मुख्यमंत्री रहे.

14:36 (IST)

हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली

झामुमो के नेता हेमंत सोरेन ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने शपथ दिलाई.

14:19 (IST)

हेमंत सोरेन मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले रहे हैं

झामुमो के नेता हेमंत सोरेन झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले रहे हैं. 

14:17 (IST)

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू भी मंच पर पहुंचीं

राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू भी मंच पर पहुंच गई है. कार्यक्रम शुरू हो गया है.

14:10 (IST)

कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मंच पर पहुंचे

कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मंच पर पहुंच गए हैं. तेजस्वी यादव, शरद यादव और आम आदमी पार्टी के संजय सिंह भी मंच पर मौजूद हैं. 

14:00 (IST)

ममता बनर्जी भी मंच पर पहुंचीं

झारखंड: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी रांची में झारखंड के सीएम पद के उम्मीदवार हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह के लिए मंच पर पहुंचीं. 

13:58 (IST)

हेमंत सोरेन अपने शपथ ग्रहण समारोह के लिए पहुंचे

रांची: झारखंड के सीएम पद के उम्मीदवार हेमंत सोरेन अपने शपथ ग्रहण समारोह के लिए पहुंचे. 

13:50 (IST)

समारोह में पूर्व राष्ट्रपति और भारतरत्न प्रणब मुखर्जी नहीं पहुंचेंगे

हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व राष्ट्रपति और भारतरत्न प्रणब मुखर्जी नहीं पहुंचेंगे. केजरीवाल भी इस समारोह में नहीं आ रहे हैं. 

13:49 (IST)

शपथ लेने के पहले हेमंत सोरेन ने NRC पर बड़ा बयान दिया

मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के पहले हेमंत सोरेन ने NRC पर बड़ा बयान दिया. उन्होंने एनआरसी को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की और कहा कि एनआरसी लागू करने योग्य नहीं है.

13:46 (IST)

हेमंत सोरेन के साथ दो से तीन विधायक भी लेंगे शपथ

सूत्रों के मुताबिक, हेमंत सोरेन के साथ-साथ कांग्रेस के दो विधायक- आलमगीर आलम और रामेश्वर उरांव भी मंत्री पद की शपथ लेंगे. झामुमो विधायक स्टीफन मरांडी भी शपथ ग्रहण कर सकते हैं.

13:45 (IST)

एमके स्टालिन भी सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह के लिए रांची पहुंचे

डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन भी सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह के लिए रांची पहुंचे हैं. पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी कल ही रांची पहुंच गईं थीं.

13:44 (IST)

राहुल गांधी भी रांची पहुंचे

सोरेन के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए राहुल गांधी भी रांची पहुंच चुके हैं. राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के सीएम भपेश बघेल भी रांची पहुंचे.

13:43 (IST)

थोड़ी देर में शुरू होगा शपथ ग्रहण समारोह

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का शपथ ग्रहण समारोह थोड़ी देर में शुरू होगा. रांची में तमाम नेताओं का जमावड़ा लगा चुका है.