/newsnation/media/media_files/2026/02/06/usa-news-2026-02-06-21-41-51.jpg)
USA: अमेरिका के पेंसिल्वेनिया राज्य में ऑलिव गार्डन रेस्टोरेंट में काम करने वाले एक कर्मचारी की संदिग्ध आत्महत्या से पूरे स्टाफ में गहरा सदमा फैल गया. यह घटना विलियम्सपोर्ट शहर स्थित रेस्टोरेंट की रसोई में पिछले शुक्रवार (30 जनवरी) दोपहर को हुई.
पुलिस ने दी ये जानकारी
पुलिस के अनुसार, एक पुरुष कर्मचारी ने अचानक असामान्य व्यवहार करना शुरू कर दिया. बताया गया है कि उसने अपने कपड़े उतार दिए और रसोई क्षेत्र में मौजूद गर्म तेल वाले उपकरण की ओर बढ़ गया. मौके पर मौजूद सहकर्मियों और कुछ ग्राहकों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस गया. तुरंत आपातकालीन सेवा को फोन किया गया.
911 कॉल रिकॉर्ड के मुताबिक, घटनास्थल पर मौजूद लोग घबराए हुए थे और चिल्ला रहे थे. सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची. घायल कर्मचारी को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. इस दौरान एक महिला कर्मचारी को भी हल्की जलन की चोटें आईं, जिसे प्राथमिक उपचार दिया गया.
पुलिस ने बताया आत्महत्या का मामला
पेंसिल्वेनिया राज्य पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि शुरुआती जांच में यह मामला आत्महत्या के प्रयास का प्रतीत होता है. हालांकि, अधिकारी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं. मृतक की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है. पुलिस ने कहा कि व्यक्ति और उसके परिवार की निजता का सम्मान करते हुए ज्यादा जानकारी साझा नहीं की जा रही है.
कर्मचारियों की होगी काउंसलिंग
रेस्टोरेंट प्रबंधन ने भी इस घटना पर फिलहाल सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है. हालांकि, तत्काल के लिए रेस्टोरेंट को बंद कर दिया गया है. वहीं इस घटना के बाद कर्मचारियों को काउंसलिंग सहायता दिए जाने की बात सामने आई है. यह घटना मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता और समय पर सहायता की जरूरत को भी दर्शाती है.
यह भी पढ़ें- Bangladesh Violence: ढाका में फिर हिंसा के बाद बवाल, चुनाव से 6 दिन पहले यूनुस के घर के बाहर कर्माचरियों का प्रदर्शन
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us