/newsnation/media/media_files/2026/01/03/trump-on-venezuela-2026-01-03-23-35-24.jpg)
Trump on venezuela
US Venezuela Conflict: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी को एक बेहद सफल सैन्य ऑपरेशन बताया. उन्होंने कहा कि अमेरिकी टीम ने शानदार काम किया है और दुनिया का कोई दूसरा देश ऐसा ऑपरेशन नहीं कर सकता. ट्रंप के मुताबिक उन्होंने पूरे अभियान को रियल टाइम में देखा और हर पल पर नजर रखी. उन्होंने इसे पेशेवर नेतृत्व, सैन्य क्षमता और साहस का बेहतरीन उदाहरण बताया.
कैसे दिया ऑपरेशन को अंजाम
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ट्रंप ने बताया कि अमेरिकी बलों ने स्टील के बैरियर्स तोड़े, एक हेलिकॉप्टर को गंभीर नुकसान पहुंचा, लेकिन कोई विमान नहीं गिरा. मादुरो एक कड़ी सुरक्षा वाले किले और स्टील के दरवाजों वाले घर में छिपे हुए थे, उनके पास भागने का सुरक्षित रास्ता भी था, लेकिन अमेरिकी बलों ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया. हालांकि, इस दौरान अमेरिकी सैनिकों को कुछ चोटें आईं, लेकिन किसी की जान नहीं गई.
ट्रंप ने बताया कि उन्होंने यह पूरा ऑपरेशन फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो आवास से लाइव देखा. उन्होंने कहा कि सैन्य उपकरण पूरी तरह सटीक तरीके से काम कर रहे थे.
कार्रवाई को बताया सर्जिकल स्ट्राइक
ट्रंप के मुताबिक मादुरो एक कड़ी सुरक्षा वाले ठिकाने में छिपे थे, लेकिन अमेरिकी बलों ने उन्हें घेरकर पकड़ लिया. जरूरत पड़ने पर दूसरी स्ट्राइक की भी तैयारी थी. उन्होंने इस कार्रवाई को 'सर्जिकल स्ट्राइक' बताया, जिसका मकसद कम से कम नुकसान के साथ लक्ष्य हासिल करना था.
अमेरिका को हल्के में न लें
ट्रंप ने कहा कि अब अमेरिका को हल्के में नहीं लिया जा सकता. उन्होंने दावा किया कि अमेरिका के पास दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे ताकतवर सेना है. उन्होंने यह भी कहा कि सैनिकों की बहादुरी और प्रोफेशनलिज्म देखकर वह बेहद प्रभावित हुए.
वेनेजुएला की अगली सरकार को लेकर ट्रंप ने कहा कि इस पर फैसला किया जा रहा है और अमेरिका कोई जोखिम नहीं लेना चाहता. उन्होंने संकेत दिए कि सत्ता हस्तांतरण में अमेरिका की अहम भूमिका होगी.
अमेरिकी उपराष्ट्रपति ने भी किया समर्थन
अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने भी ट्रंप के दावों का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि मादुरो को कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन ड्रग तस्करी और चोरी किए गए तेल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: मादुरो को अमेरिकी न्याय का 'कहर’ झेलना होगा: अमेरिकी अटॉर्नी जनरल
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us