/newsnation/media/media_files/2025/04/28/94BaNczzWyEGWHsVUA4X.jpg)
putin Photograph: (social media)
दुनिया के सबसे बड़े देशों में शामिल रूस ने अमेरिकी टेक कंपनी मेटा को बड़ा झटका देते हुए उसके लोकप्रिय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है. क्रेमलिन ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि यह कदम इसलिए उठाया गया क्योंकि मेटा रूसी कानूनों का पालन नहीं कर रही थी. इस फैसले के बाद रूस में व्हाट्सऐप की सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी गई हैं.
क्रेमलिन ने क्या दिया तर्क?
रूसी राष्ट्रपति कार्यालय के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि विदेशी कंपनियों को रूस में काम करना है तो उन्हें स्थानीय कानूनों का पालन करना ही होगा. उनके अनुसार, मेटा को कई बार नियमों के पालन के लिए कहा गया, लेकिन कंपनी ने आवश्यक शर्तों को पूरा नहीं किया. पेसकोव ने यह भी कहा कि रूस अपनी डिजिटल संप्रभुता से समझौता नहीं करेगा और राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि है.
MAX ऐप को बढ़ावा, लेकिन उठे सवाल
व्हाट्सऐप पर प्रतिबंध के साथ ही रूसी सरकार ने नागरिकों से स्थानीय मैसेजिंग प्लेटफॉर्म MAX का उपयोग करने की अपील की है. पेसकोव के मुताबिक, MAX एक 'राष्ट्रीय मैसेंजर' है, जिसे देश के भीतर सुरक्षित संचार और सरकारी सेवाओं तक आसान पहुंच के लिए विकसित किया गया है.
हालांकि, आलोचकों ने इस ऐप को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका दावा है कि MAX के जरिए उपयोगकर्ताओं की निगरानी की जा सकती है और निजी बातचीत की गोपनीयता प्रभावित हो सकती है. विपक्षी समूहों और डिजिटल अधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह कदम अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को सीमित कर सकता है.
रूसी अधिकारियों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि प्लेटफॉर्म का उद्देश्य केवल प्रशासनिक सेवाओं को एकीकृत करना और नागरिकों की सुविधा बढ़ाना है.
यूक्रेन युद्ध और डिजिटल संप्रभुता का संदर्भ
यह निर्णय ऐसे समय आया है जब यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिका और पश्चिमी देशों के साथ रूस के संबंध तनावपूर्ण हैं. अमेरिका लगातार रूस पर राजनीतिक और आर्थिक दबाव बढ़ा रहा है. विशेषज्ञों का मानना है कि व्हाट्सऐप पर प्रतिबंध रूस की उस व्यापक रणनीति का हिस्सा है, जिसके तहत वह अपने 'संप्रभु कम्युनिकेशन इंफ्रास्ट्रक्चर' को मजबूत करना चाहता है.
रूस पहले भी कई विदेशी टेक कंपनियों पर जुर्माना लगा चुका है और उन्हें डेटा स्थानीय सर्वरों पर रखने तथा सरकारी निर्देशों का पालन करने के लिए बाध्य करता रहा है.
बहरहाल व्हाट्सऐप पर प्रतिबंध से लाखों रूसी उपयोगकर्ता प्रभावित होंगे, खासकर वे लोग जो अंतरराष्ट्रीय संपर्क के लिए इस ऐप पर निर्भर थे. आने वाले समय में यह देखना अहम होगा कि क्या मेटा रूस की शर्तें मानता है या डिजिटल टकराव और गहरा होता है.
यह भी पढ़ें - चीन विकास बैंक ने 2025 में 16 खरब युआन से अधिक का ऋण जारी किया
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us