logo-image

Nobel Prize 2021: तीन वैज्ञानिकों को मिला भौतिक विज्ञान का नोबेल पुरस्कार 

स्यूकुरो मनाबे, क्लाउस हैसलमैन और जियोर्जियो पेरिसी को भौतिकी विज्ञान के लिए वर्ष 2021का नोबल पुरस्कार (Nobel Prize)से सम्मानित करने का निर्णय लिया है.

Updated on: 05 Oct 2021, 07:09 PM

highlights

  • स्यूकुरो मनाबे, क्लाउस हैसलमैन और जियोर्जियो पेरिसी को भौतिकी विज्ञान के लिए वर्ष 2021 का नोबल पुरस्कार
  • मेडिसिन के क्षेत्र में अमेरिकी वैज्ञानिकों डेविड जूलियस और अर्डेम पटापाउटियन को संयुक्त रूप से नोबेल पुरस्कार
  • 2020 में भौतिक विज्ञान का नोबेल पुरस्कार अमेरिकी वैज्ञानिक आंड्रेया घेज, ब्रिटेन के रोजर पेनरोज और जर्मनी के रिनार्ड गेनजेल को मिला था

 

नई दिल्ली:

Nobel Prize 2021: रॉयल स्वीडिश एकेडमी ऑफ साइंसेज ने मंगलवार को "जटिल भौतिक प्रणालियों की हमारी समझ में अभूतपूर्व योगदान के लिए" स्यूकुरो मनाबे, क्लाउस हैसलमैन और जियोर्जियो पेरिसी को भौतिकी विज्ञान के लिए वर्ष 2021का नोबल पुरस्कार (Nobel Prize)से सम्मानित करने का निर्णय लिया है. जूरी ने नामों का एलान करते हुए बताया कि स्यूकूरो मनाबे ने प्रदर्शित किया कि कैसे वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड के बढ़े हुए स्तर से पृथ्वी की सतह पर तापमान में वृद्धि होती है. उनके काम ने वर्तमान जलवायु मॉडल के विकास की नींव रखी. 

मनाबे और हैसलमैन को पृथ्वी की जलवायु की भौतिक मॉडलिंग, ग्लोबल वॉर्मिंग के पूर्वानुमान की परिवर्तनशीलता और प्रामाणिकता के मापन क्षेत्र में उनके कार्यों के लिए चुना गया. वहीं परिसी को परमाणु से ग्रहों के मानदंडों तक भौतिक प्रणाली में विकार और उतार-चढ़ाव के परस्पर क्रिया की खोज के लिए इस पुरस्कार के लिए चुना गया.

पिछले वर्ष भौतिक विज्ञान का नोबेल पुरस्कार अमेरिकी वैज्ञानिक आंड्रेया घेज, ब्रिटेन के रोजर पेनरोज और जर्मनी के रिनार्ड गेनजेल को मिला था. इन तीनों को ब्लैक होल्स पर रिसर्च के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया था. इस पुरस्कार को हासिल करने वालों को एक स्वर्ण पदक के साथ 1.14 मिलियन डॉलर नकद इनाम दिया जाता है.

यह भी पढ़ें: तालिबान राज में एयर कॉरिडोर बंद होने से खतरे में कालीन उद्योग, पाई-पाई को मोहताज हुए व्यापारी

मेडिसिन के क्षेत्र में अमेरिकी वैज्ञानिकों डेविड जूलियस और अर्डेम पटापाउटियन को संयुक्त रूप से नोबेल पुरस्कार दिया गया है. उन्हें तापमान और स्पर्श के लिए रिसेप्टर्स की खोज के लिए इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया. नोबेल विजेताओं की घोषणा सोमवार को नोबेल समिति के महासचिव थॉमस पर्लमैन ने की.

नोबेल पुरस्कार हासिल करने वाले वैज्ञानिकों ने दुनिया को बताया कि इंसान का जिस्म सूरज की गर्मी और अपनों को स्पर्श करने पर कैसे महसूस करता है. नोबेल समिति के पैट्रिक अर्नफोर्स ने कहा कि जूलियस ने तंत्रिका सेंसर की पहचान करने के लिए मिर्च में सक्रिय घटक कैप्साइसिन का इस्तेमाल किया, जो त्वचा को गर्मी का जवाब देने की अनुमति देता है.