logo-image

मोदी की खिलाफत करते-करते देश की खिलाफत करने लगे हैं विपक्षी दल: गिरिराज सिंह

मोदी की खिलाफत करते-करते देश की खिलाफत करने लगे हैं विपक्षी दल: गिरिराज सिंह

Updated on: 03 Jul 2022, 06:55 PM

नयी दिल्ली:

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस समेत देश के अन्य विपक्षी दलों पर राजनीतिक हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि ये दल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खिलाफत करते-करते देश की भी खिलाफत करने लगे हैं।

आईएएनएस से खास बातचीत में गिरिराज सिंह ने उदयपुर हत्याकांड , देश के माहौल, विरोधी दलों के राजनीतिक हमले और राष्ट्रपति चुनाव पर बेबाकी से अपनी बातें कहीं।

सवाल- उदयपुर हत्याकांड को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा पर निशाना साध रही है, आरोप लगा रही है। इन आरोपों पर आपका क्या कहना है ?

जवाब - तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति के कारण इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। आप याद कीजिए, जब अफजल गुरू को फांसी की सजा हुई थी तो वो कौन लोग थे, जो एक आतंकी को बचाने के लिए रात के अंधेरे में अदालत गए थे ? वो तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोग थे। अगर गहलोत सरकार ने केस के समय पर ही कन्हैया लाल की सुरक्षा की चिंता की होती तो ये घटना नहीं हुई होती। वह अपनी सुरक्षा की गुहार लगाता रहा लेकिन गहलोत सरकार तुष्टिकरण की नींद में सोई रही। यह हत्या नहीं आतंकी हमला है। आईएसआईएस की तर्ज पर गला रेतना, वीडियो बनाकर वायरल करना और ऐसा करते हुए देश के प्रधानमंत्री को चेतावनी देना, धमकाना यह महज एक हत्या नहीं आतंकी हमला है और बहुत बड़ी घटना है।

सवाल- लेकिन कांग्रेस तो देशभर में माहौल के खराब होने की बात कहते हुए इस तरह की घटना के लिए भाजपा को जिम्मेदार बता रही है। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत तो प्रधानमंत्री से अपील करने की मांग कर रहे हैं ?

जवाब- अशोक गहलोत, ये बताएं कि उन्होने करौली से लेकर अब तक हुई हिंसक घटनाओं के मामले में क्या किया है? वे राजस्थान के मुख्यमंत्री हैं, अगर उनसे सरकार नहीं चल पा रही है तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए, चलाने वाले सरकार चला लेंगे। इतना बड़ा आतंकी हमला होता है और राहुल गांधी महज एक ट्वीट करके औपचारिकता पूरी कर देते हैं। सोचिए, उदयपुर में यही घटना अगर कहीं और हुई होती तो ये सारे नेता वहां पॉलिटिकल टूरिज्म करने के लिए जा रहे होते।

सवाल- लेकिन वो तो आप पर (भाजपा) आरोप लगा रहे हैं कि आपकी पार्टी की वजह से देश में इस तरह का माहौल बन गया है, खाई पैदा हो गई है ?

जवाब- ये तो उल्टा चोर कोतवाल को डांटे वाली बात हो गई। तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति वो करें, करौली से लेकर उदयपुर तक हिंसा करने वाले लोगों के संरक्षक बन कर वो बैठे हैं और झूठा आरोप हम पर लगा रहे हैं। राहुल गांधी और सोनिया गांधी को तो शर्म आनी चाहिए। इस तरह की हिंसक घटनाओं पर इनकी जुबान बंद हो जाती है।

सवाल- लेकिन कांग्रेस के अलावा देश के कई अन्य विपक्षी दल भी भाजपा सरकार और पार्टी पर आरोप लगा रहे हैं ? ममता बनर्जी भी लगातार भाजपा पर हमला बोल रही हैं ?

जवाब - मैं तो सीधी-सीधी बात कहता हूं कि नरेंद्र मोदी की खिलाफत करते-करते ये विपक्षी दल देश की खिलाफत करने लगे हैं। दशकों पहले एम.एफ.हुसैन ने क्या किया था? उस समय तो इन लोगों की जुबान नहीं खुली थी? उस समय तो मोदी नहीं थे? इन विपक्षी दलों को यह लगता है कि वो मोदी की आलोचना कर अपनी नाकामियों को छुपा लेंगे तो ऐसा नहीं होने जा रहा है। जहां तक ममता बनर्जी का सवाल है, उन्होंने तो आतंकियों और घुसपैठियों के लिए रेड कार्पेट बिछा रखा है।

सवाल- राष्ट्रपति चुनाव में संयुक्त उम्मीदवार के तौर पर यशवंत सिन्हा को उतार कर विपक्ष एक होकर भाजपा को घेरने की कोशिश कर रहा है?

जवाब- आजादी के बाद के 75 सालों में देश की इतनी बड़ी आबादी, आदिवासी समुदाय को कभी मौका नहीं दिया गया। मोदी ने एक आदिवासी महिला को जो सम्मान दिया है, उसके लिए उनका धन्यवाद है। जहां तक विपक्ष की घेराबंदी का सवाल है, द्रौपदी मुर्मू पिछली बार से भी कहीं ज्यादा भारी बहुमत के साथ विजयी होंगी। मैं तो सभी से अपील करूंगा कि गरीब की बेटी राष्ट्रपति पद के लिए खड़ी हैं, सबको मिलकर उनका समर्थन करना चाहिए। द्रौपदी मुर्मू का विरोध करने वाले लोगों ( राजनीतिक दल, सांसद और विधायक) से जनता सवाल पूछेगी।

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.