/newsnation/media/post_attachments/images/2024/02/02/pc-34-2024-02-02t210046471-83.jpg)
Indian_Navy( Photo Credit : social media)
भारतीय नौसेना ने ईरानी ध्वज वाले जहाज को समुद्री डकैतों से बचाया. इसकी जानकारी शुक्रवार को नौसेना के अधिकारियों ने दी है. उन्होंने बताया कि, डकैती की कोशिश सोमालिया के पूर्वी तट पर एक मछली पकड़ने वाले जहाज में की गई थी, जिसे नौसेना के जांबाजों ने नाकाम कर दिखाया. अधिकारियों ने बताया कि, भारतीय नौसेना के रैपिड पेट्रोल एयरक्राफ्ट (आरपीए) को बीती 31 जनवरी को FV Omaril (ईरानी ध्वज वाला जहाज) पर संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली, जिसके बाद एक्शन मोड में आते हुए फौरन समुद्री डकैती विरोधी अभियानों में लगी आईएनएस शारदा को तैनात किया गया...
इस ऑपरेशन से जुड़ी ज्यादा जानकारी देते हुए, भारतीय नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने बताया कि, FV Omaril पर सात समुद्री डाकू सवार हुए थे और उन्होंने चालक दल को बंधक बना लिया था. जैसे ही इसकी जानकारी भारतीय नौसेना को मिली, फौरन आईएनएस शारदा को मौके पर तैनात किया गया. इसके बाद हेलीकॉप्टर और नौकाओं के इस्तेमाल से बंधक बनी FV Omaril को घेर लिया गया.
सभी सदस्यों की सुरक्षित रिहाई...
भारतीय नौसेना की इस घेराबंदी से घबराकर सातों डकैत मौके से फरार हो गए और सभी बंधकों को बिना किसी नुकसान रिहा कर दिया गया. मिली जानकारी के अनुसार, सफल ऑपरेशन के परिणामस्वरूप मछली पकड़ने वाले जहाज FV Omaril के साथ चालक दल के सभी सदस्यों की सुरक्षित रिहाई हुई, जिसमें 11 ईरानी और 8 पाकिस्तानी नागरिक शामिल थे. बचाव के बाद, आईएनएस शारदा ने पहले से बंदियों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए जहाज का गहन निरीक्षण किया.
नाविकों की सुरक्षा, भारतीय नौसेना का संकल्प...
भारतीय नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने कहा कि, "समुद्र में समुद्री डकैती रोधी और समुद्री सुरक्षा अभियानों के लिए तैनात मिशनों द्वारा किए गए अथक प्रयास, समुद्र में बहुमूल्य जीवन को बचाने के लिए जारी हैं, जो समुद्र में सभी जहाजों और नाविकों की सुरक्षा के प्रति भारतीय नौसेना के संकल्प का प्रतीक है."
गौरतलब है कि, पिछले कुछ हफ्तों में, भारतीय नौसेना ने अरब सागर में कई व्यापारिक जहाजों पर हुए हमलों के बाद उन्हें सहायता प्रदान की है. नवीनतम बचाव अभियान Houthi militants द्वारा लाल सागर और आसपास के इलाकों में व्यापारिक जहाजों को निशाना बनाने पर बढ़ती वैश्विक चिंताओं के बीच आया है.
Source : News Nation Bureau
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us