दुबई में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत 'बुर्ज खलीफा' से भी ऊंचे टावर का निर्माण कार्य सोमवार से शुरू हो गया। क्रीक हार्बर पर बनाए जाने वाले 'द टावर' की आधारशिला रखी गई। इस दौरान दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल-मखतूम भी मौजूद रहे। उनके सामने रेत के बड़े हिस्से पर नींव का काम शुरू किया गया।
समारोह के दौरान जारी बयान में कहा गया कि "साल 2020 में जब 'द टावर' का काम पूरा हो जाएगा तो ये दुनिया की सबसे ऊंची इमारत होगी।"
इस टावर को बनाने की घोषणा अप्रैल में की गई थी। इसे बनाने वाली एमार प्रॉपर्टीज़ ने कहा था कि ये बुर्ज खलीफा से भी ऊंचा होगा। हालांकि, इसकी जानकारी नहीं दी गई कि 'द टावर' की ऊंचाई क्या होगी। इसे बनाने में करीब एक अरब अमेरिकी डॉलर (90 करोड़ यूरो) की लागत लगेगी। बता दें कि बुर्ज खलीफा की ऊंचाई 828 मीटर (2,700 फीट) है।
स्पेनिश-स्विस आर्किटेक्ट सैन्टियागो कालाट्रावा वाल्स इस टावर को डिज़ाइन करेंगे। इसमें ऑब्जर्वेशन डेक बने होंगे, जहां से 360 डिग्री एंगल से शहर का नजारा दिखाई देगा।
Source : News Nation Bureau