/newsnation/media/media_files/2026/03/09/pm-kisan-yojana-update-2026-03-09-12-31-26.jpg)
PM Kisan Yojana: देश के करोड़ों किसान इस समय प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का इंतजार कर रहे हैं. किसानों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर यह किस्त कब जारी होगी? खबरों के मुताबिक संभावना जताई जा रही है कि 13 मार्च 2026 को प्रधानमंत्री असम के कोकराझार में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान इस किस्त को जारी कर सकते हैं. अगर ऐसा होता है तो देशभर के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में एक साथ 2000 रुपए की राशि ट्रांसफर हो सकती है. हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
किसानों को 22वीं किस्त का इंतजार
दरअसल, कई किसानों को उम्मीद थी कि होली से पहले ही यह राशि उनके खाते में पहुंच जाएगी. गांवों में यह चर्चा भी चल रही थी कि त्योहार के समय मिलने वाली यह आर्थिक सहायता काफी काम आ सकती है. लेकिन होली बीत जाने के बाद भी पैसा नहीं आने से किसानों के बीच सवाल उठने लगे हैं. गांवों की चौपाल, खेतों के किनारे और मंडियों में किसान इस बारे में चर्चा करते नजर आ रहे हैं. कई किसान अपने मोबाइल पर आने वाले मैसेज का इंतजार कर रहे हैं, जबकि कुछ लोग बैंक जाकर अपने खाते की जांच कर रहे हैं.
क्या है पीएम किसान योजना?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6000 रुपए की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि तीन बराबर किस्तों में दी जाती है और हर चार महीने पर 2000 रुपए सीधे किसानों के बैंक खाते में भेजे जाते हैं. यह पैसा डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से सीधे खाते में पहुंचता है, जिससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हो जाती है. किसान इस पैसे का इस्तेमाल बीज, खाद, डीजल और खेती के अन्य जरूरी कामों में करते हैं.
कब आई थी 21वीं किस्त
आपको बता दें कि पिछली यानी 21वीं किस्त 19 नवंबर 2025 को जारी की गई थी, जिससे करीब 9 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ मिला था. इसी आधार पर अनुमान लगाया जा रहा था कि अगली किस्त फरवरी 2026 में आ सकती है. लेकिन इस बार किस्त आने में देरी हो गई है.
किन कारणों से हो रही देरी?
सरकार का कहना है कि इस बार देरी की मुख्य वजह फार्मर आईडी और डाटा वेरिफिकेशन प्रक्रिया है. सरकार हर किसान की एक डिजिटल पहचान तैयार कर रही है, जिसमें आधार नंबर, बैंक खाता, मोबाइल नंबर और जमीन का रिकॉर्ड जोड़ा जा रहा है. इसका मकसद यह सुनिश्चित करना है कि योजना का लाभ केवल वास्तविक और पात्र किसानों को ही मिले.
किन किसानों को नहीं मिलेगा लाभ?
इसके साथ ही सरकार ने ई-केवाईसी (e-KYC) को अनिवार्य कर दिया है. जिन किसानों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराया है या जिनके बैंक खाते में आधार लिंक नहीं है, उनकी किस्त अटक सकती है. इसलिए किसानों को सलाह दी जा रही है कि वे पीएम किसान पोर्टल पर जाकर अपना स्टेटस जरूर जांच लें. अब देशभर के किसानों की नजर 13 मार्च पर टिकी है. अगर उस दिन किस्त जारी होती है तो करोड़ों किसानों के खातों में एक साथ पैसा पहुंचेगा और उन्हें बड़ी राहत मिलेगी.
यह भी पढ़ें- ATM मशीन में डेबिट कार्ड फंस जाए तो क्या करें? जानें तुरंत क्या कदम उठाने चाहिए
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us