यूपी की धरती से बना सैन्य साजो-सामान दुश्मन के कानों में गूंजता रहेगा : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

यूपी की धरती से बना सैन्य साजो-सामान दुश्मन के कानों में गूंजता रहेगा : उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़

author-image
IANS
New Update
Agra: Vice President Jagdeep Dhankhar Pays Tribute to Ahilyabai Holkar

(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)

आगरा, 1 जून (आईएएनएस)। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा कि सेना ने दुनिया को संदेश दिया है कि भारत आतंकवाद को समाप्त करेगा और जो हम पर हाथ डालेगा, उसे पूरी तरह नष्ट करेगा। यूपी की भूमि का सैन्य उत्पादन श्रेष्ठ है और यह दुश्मन के कानों में गूंजता रहेगा।

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ रविवार को जीआईसी ग्राउंड, पचकुइयां में आयोजित महारानी अहिल्याबाई होल्कर की जन्म त्रिशताब्दी वर्ष स्मृति अभियान-2025 के अंतर्गत आयोजित संगोष्ठी में शामिल हुए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में उन्होंने समारोह को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में दुश्मनों ने कायरता दिखाई, उसका जवाब दिया गया। उन्होंने सीएम योगी को संबोधित करते हुए कहा कि आपकी भूमि पर सैन्य उत्पादन कितना श्रेष्ठ है, यह दुश्मन के कानों में गूंजता रहेगा। आपके यहां निर्मित ब्रह्मोस ने जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा के ठिकाने में घुसकर उन्हें तबाह किया। सेना के पराक्रम के कारण दुश्मन को लोहे के चने चबाने पड़े। सेना ने दुनिया को संदेश दिया कि भारत बदल गया है। भारत आतंकवाद को समाप्त करेगा, जो हम पर हाथ डालेगा, उसे पूरी तरह नष्ट करेंगे।

धनखड़ ने कहा कि संस्कृति का सृजन व संरक्षण बहुत अहम है। आक्रांता औरंगजेब ने क्रूरता से काशी विश्वनाथ पर प्रतिघात-कुठाराघात किया तो उसके 100 वर्ष बाद अहिल्याबाई होल्कर ने दूरदर्शिता दिखाते हुए काशी विश्वनाथ में मंदिर बनाया। वहां जो चमत्कारी परिवर्तन आया है, उससे पूरा देश अभिभूत है। वहां के मनोरम घाटों का अवलोकन कर आनंद की अनुभूति होती है। पीएम मोदी के नेतृत्व में यह कार्य मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया है।

उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ दूरदर्शी और काम में विश्वास रखते हैं। दिसंबर 2021 में उन्होंने काशी विश्वनाथ में आदि शंकराचार्य व लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण किया था। जो कार्य लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर ने किया, वही योगी आदित्यनाथ ने किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश की काया पलट दी। काशी विश्वनाथ, अयोध्या के बाद मथुरा में भी कार्य होगा। आने वाली पीढ़ियां योगी आदित्यनाथ के कार्यों का उसी तरह स्मरण करेंगी, जैसे आज हम लोकमाता को याद रखते हैं।

उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की जयंती एक तारीख और ऐतिहासिक घटना नहीं, बल्कि हम सबके लिए जीवन दर्शन है। हमें संकल्प लेना पड़ेगा कि हम उनके आदर्शों पर चलेंगे। लोकमाता कठिन समय में भारत की महान परंपरा की प्रतिनिधि थीं, जहां धर्म-संस्कृति व शासन एक ही धारा में प्रवाहित होते हैं। योगी आदित्यनाथ ने अपने शासनकाल में यूपी की छवि को पूर्ण रूप से बदल दिया। आज यूपी का मतलब सुशासन व कानून का राज है। बिना कानून के राज के विकास संभव नहीं है। उत्तर प्रदेश अब उत्तम प्रदेश हो गया है।

उन्होंने कहा कि हम भारतीय हैं, भारतीयता हमारी पहचान और राष्ट्रवाद हमारा धर्म है। राष्ट्र सर्वोपरि है। राष्ट्र के लिए जो भी करेंगे, वह कम है। मेरा सिर गर्व से ऊपर है, क्योंकि अहिल्याबाई होल्कर भी किसान परिवार से थीं। वे न्यायप्रिय थीं। उन्होंने नारी सशक्तीकरण के लिए बहुत उच्च मापदंड रखे। अपनी सेना में महिलाओं की टुकड़ी बनाई। आज के भारत में नारी सशक्तीकरण पराकाष्ठा पर है। संसद व विधानसभाओं में भी नारियों के लिए आरक्षण है। किसानों के लिए अहिल्याबाई होल्कर ने बहुत कुछ किया। किसानों ने ठान रखा है, इसलिए भारत विकसित होगा।

--आईएएनएस

विकेटी/डीएससी

Advertisment

डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

      
Advertisment