/newsnation/media/media_files/thumbnails/202512173610865-739087.jpg)
(source : IANS) ( Photo Credit : IANS)
टोक्यो, 17 दिसंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची ने बुधवार को कहा कि ताइवान के बारे में उनकी टिप्पणियों को लेकर टोक्यो और बीजिंग के बीच राजनयिक विवाद के बावजूद वह चीन के साथ बातचीत के लिए हमेशा तैयार हैं।
ताकाइची ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, चीन जापान के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ोसी है, और हमें रचनात्मक और स्थिर संबंध बनाने की जरूरत है। जापान हमेशा चीन के साथ बातचीत के लिए तैयार है। हम अपना दरवाजा बंद नहीं कर रहे हैं।
7 नवंबर को ताकाइची ने अपनी संसद में एक बयान दिया था। उन्होंने विपक्षी सांसद के पूछे सवाल का जवाब देते हुए कहा कि टोक्यो स्व-शासित लोकतांत्रिक द्वीप (ताइवान) पर किसी भी हमले की स्थिति में सैन्य हस्तक्षेप कर सकता है।
उनका यही बयान तनाव की जड़ बन गया। चीन ताइवान को अपने क्षेत्र का हिस्सा मानता है और उसे अपने नियंत्रण में लाने के लिए बल प्रयोग करने की धमकी दी।
बीजिंग की ओर से कड़ी राजनयिक प्रतिक्रिया हुई; उसने अपने नागरिकों से जापान की यात्रा से बचने का आग्रह किया।
द जापान टाइम्स के अनुसार अब इसका असर दिखने लगा है। बुधवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों से पता चला है कि इस चेतावनी का पर्यटकों की संख्या पर असर पड़ा है।
जापान नेशनल टूरिज्म ऑर्गनाइजेशन (जेएनटीओ) के अनुसार, पिछले महीने चीन से जापान आने वालों की संख्या पिछले साल की तुलना में सिर्फ 3 फीसदी बढ़ी, जो जनवरी 2022 के बाद सबसे कम है।
जेएनटीओ ने कहा कि पिछले महीने चीन से लगभग 5,60,000 यात्रियों ने जापान का दौरा किया था, जो साल-दर-साल 3 फीसदी की वृद्धि दर्शाता है, और इस मामूली बढ़त का कारण चीन की ओर से जारी यात्रा चेतावनी रही।
जापान आने वाले चीनी पर्यटकों की साल-दर-साल वृद्धि कई महीनों से लगातार दोहरे अंकों में बनी हुई थी। ये अक्टूबर में 22.8 फीसदी, सितंबर में 18.9 फीसदी और अगस्त में 36.5 फीसदी थी।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, चीन जापानी द्वीपसमूह के लिए पर्यटकों का सबसे बड़ा स्रोत है; 2025 के पहले नौ महीनों में लगभग 7.5 मिलियन पर्यटक आए थे। जो सभी विदेशी पर्यटकों का एक चौथाई है। कमजोर येन से आकर्षित होकर, उन्होंने (चीनी पर्यटकों ने) तीसरी तिमाही में 3.7 बिलियन डॉलर के बराबर खर्च किया।
जेएनटीओ के अनुसार, पिछले साल प्रत्येक चीनी पर्यटक ने अन्य पर्यटकों की तुलना में औसतन 22 फीसदी अधिक खर्च किया।
इस महीने विवाद के नवीनतम घटनाक्रम में, चीनी सैन्य विमानों ने जापानी जेट पर रडार लॉक कर दिया था, जिसके बाद टोक्यो ने बीजिंग के राजदूत को तलब किया था।
--आईएएनएस
केआर/
डिस्क्लेमरः यह आईएएनएस न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ न्यूज नेशन टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us