/newsnation/media/media_files/2026/02/27/kolkata-earthquake-2026-02-27-14-28-40.jpg)
Kolkata Earthquake: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में शुक्रवार दोपहर करीब 1:20 बजे अचानक धरती कांप उठी. रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 5.4 मापी गई, जिसने शहरवासियों को कुछ सेकेंड के लिए दहशत में डाल दिया. दफ्तरों, बहुमंजिला इमारतों और रिहायशी परिसरों में कंपन महसूस होते ही लोग एहतियातन बाहर निकल आए.
हालांकि राहत की बात यह रही कि शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक किसी बड़े जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली है. फिर भी कई इलाकों में लोगों ने इसे हाल के वर्षों का सबसे तेज झटका बताया.
बांग्लादेश में था भूकंप का केंद्र
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र पड़ोसी देश बांग्लादेश में था. बताया जा रहा है कि यह झटका बांग्लादेश के खुलना डिवीजन के सतखीरा इलाके के पास दर्ज किया गया. यूरोपियन मेडिटेरियन सीस्मोलॉजिकल सेंटर (EMSC) के अनुसार भूकंप की गहराई लगभग 35 किलोमीटर थी, जिससे झटके अपेक्षाकृत व्यापक क्षेत्र में महसूस किए गए.
people assembling on the streets shortly after the earthquake tremors were felt in Kolkata#kolkataearthquakepic.twitter.com/QkVaN9aJAw
— Dheeraj sharma (@dheer23) February 27, 2026
सीमा पार केंद्र होने के बावजूद इसका असर कोलकाता और आसपास के इलाकों में स्पष्ट रूप से देखा गया. खासकर साल्ट लेक और ऊंची इमारतों वाले क्षेत्रों में कंपन अधिक महसूस हुआ.
इमारतें हिलीं, कर्मचारी बाहर भागे
दोपहर का वक्त होने के कारण अधिकतर लोग अपने कार्यस्थलों पर मौजूद थे. जैसे ही झटके शुरू हुए, कई कार्यालयों में अफरातफरी का माहौल बन गया. कर्मचारी सीढ़ियों से नीचे उतरकर खुले स्थानों की ओर भागते दिखाई दिए। कुछ लोगों ने बताया कि अलमारियों में रखा सामान गिरने लगा और पंखे हिलते नजर आए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 'यह झटका कई सेकेंड तक महसूस हुआ. पहले लगा चक्कर आ रहा है, लेकिन जब खिड़कियां और दरवाजे हिलने लगे तो समझ आया कि भूकंप है.'
सतर्कता और सुरक्षा का महत्व
हालांकि किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर शहरी इलाकों में भूकंप सुरक्षा तैयारियों की जरूरत को रेखांकित किया है. विशेषज्ञों का मानना है कि पूर्वी भारत और बांग्लादेश का क्षेत्र भूकंपीय रूप से संवेदनशील है, इसलिए भवन निर्माण मानकों और आपदा प्रबंधन योजनाओं को सख्ती से लागू किया जाना चाहिए.
इस हलचल ने भले ही कुछ मिनटों में शहर को सामान्य स्थिति में लौटा दिया हो, लेकिन लोगों के मन में असुरक्षा की भावना जरूर छोड़ दी है. प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और फिलहाल हालात पूरी तरह नियंत्रण में बताए जा रहे हैं.
यह भी पढ़ें - अफगानिस्तान में भूकंप, रिक्टर स्केल पर 5.4 मापी गई तीव्रता
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us