/newsnation/media/media_files/2025/01/16/eicvOQ1XfXkX9en3MCsL.jpg)
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा राजनीतिक अभियान शुरू किया है. पार्टी 1 मार्च से 10 मार्च तक राज्यभर में 5,000 किलोमीटर लंबी ‘परिवर्तन यात्रा’ निकालेगी. इस यात्रा का प्रस्तावित समापन कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड मैदान में विशाल रैली के साथ होगा. रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन की संभावना जताई गई है, हालांकि तारीख की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है.
BJP के कई बड़े नेता होंगे शामिल
यात्रा की रूपरेखा प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य, नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी और केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने साझा की. आज यानी 1 मार्च को राज्य के पांच प्रमुख स्थानों से यात्रा की शुरुआत होगी. सिलीगुड़ी से भाजपा नेता नितीन नवीन कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे. 2 मार्च को दक्षिण 24 परगना के रायदिघी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जनसभा को संबोधित करेंगे, जबकि हावड़ा के आमता में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह अभियान को आगे बढ़ाएंगे. पार्टी अध्यक्ष नीतिन नबीन समेत कई वरिष्ठ नेता भी अलग-अलग स्थानों पर शामिल होंगे.
पश्चिम मेदिनीपुर, पश्चिम बंगाल: भारतीय जनता पार्टी ने आज गरबेटा हाई स्कूल ग्राउंड से “परिवर्तन संकल्प यात्रा” शुरू की, जो अगले 10 दिनों में पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम और पूर्व मेदिनीपुर को कवर करेगी। pic.twitter.com/hhm1VH2Srn
— IANS Hindi (@IANSKhabar) March 1, 2026
250 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी ये यात्रा
पार्टी के मुताबिक, यह यात्रा राज्य की 294 में से लगभग 250 विधानसभा क्षेत्रों से होकर गुजरेगी. इसके दौरान 66 बड़ी जनसभाएं और करीब 300 स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. होली के कारण 3 और 4 मार्च को यात्रा रोकी जाएगी, फिर दोबारा शुरू होगी.
BJP का लक्ष्य
भाजपा का लक्ष्य इस अभियान के जरिए 1 से 1.5 करोड़ लोगों तक सीधे पहुंच बनाना है. पार्टी नेताओं का कहना है कि यह यात्रा जमीनी संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का प्रयास है. 2019 लोकसभा चुनाव में 18 सीटें जीतने के बाद भाजपा राज्य में मजबूत विपक्ष बनकर उभरी थी. हालांकि 2021 विधानसभा चुनाव में वह सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को हटाने में सफल नहीं हो पाई. अब यह ‘परिवर्तन यात्रा’ 2026 की तैयारी के रूप में देखी जा रही है.
यह भी पढ़ें- राज्यसभा के लिए सामने आए टीएमसी कैंडिडेट्स के नाम, बाबुल सुप्रियो समेत ये हैं चार उम्मीदवार
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us