logo-image

केशव मौर्या ने अखिलेश यादव पर लगाया गायत्री प्रजापति को बचाने का आरोप

गैंगरेप आरोपी उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति की गिरफ्तारी पर बीजेपी राज्य अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधा।

Updated on: 03 Mar 2017, 12:43 PM

नई दिल्ली:

गैंगरेप आरोपी उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति की गिरफ्तारी पर बीजेपी राज्य अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधा। बीजेपी अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या ने अखिलेश पर आरोप लगाया है कि प्रजापति को गिरफ्तारी से बचाने के लिए मुख्यमंत्री ने अपने आवास में ही छुपा रखा है।

मौर्या ने ट्विटर पर लिखा,' गायत्री प्रजापति को मुख्यमंत्री आवास पर छिपा कर रखा गया है पुलिस गिरफ्तारी का नाटक कर रही है भाजपा तत्काल गिरफ्तारी की मांग करती है। बलात्कार के आरोपी कैबिनेट मंत्री को मत छुपाओ मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी आप चाहोगे तो 10 मिनट के अंदर आरोपी मंत्री जेल में जाए।'

मौर्या ने प्रजापति की गिरफ्तारी ना होने के लिए सीधे अखिलेश को ही जिम्मेदार ठहराया। एक अन्य ट्वीट में मौर्या ने लिखा,'मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव जी गंगा की कसम खाकर कहें कि उन्होंने अपने कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रजापति को मुख्यमंत्री आवास में नहीं छिपाया।' मौर्या ने अखिलेश पर अपराधियों को बचाने का भी आरोप लगाया। अखिलेश ने आगे लिखा,' अपराधियों को संरक्षण देने के मामले में श्री अखिलेश यादव को उपाधि मिलना चाहिए प्रदेश के बड़े अपराधियों के संरक्षक मुख्यमंत्री अखिलेश यादव जी।'

ये भी पढ़ें: उत्तर प्रदेश खनन घोटाले में सीबीआई ने शुरू की जांच, दायरे में गायत्री प्रजापति भी

वहीं सपा सांसद नरेश अग्रवाल ने मौर्या के बयान पर पलटवार करते हुए कहा,' केशव प्रसाद मौर्या गंगा की कसम खाकर बताये की विजय माल्या कप इस देश से किसने भगाया।केशव मौर्या गंगा कसम खाकर बताये कि प्रधानमंत्री काले धन वालों को अपने प्लेन में बैठाकर विदेश ले जाते है या नहीं पहले केशव मौर्या जवाब दे फिर सीएम पर आरोप लगाएं।

अग्रवाल ने कहा पुलिस इस बारे में जाँच कर रही है। बीजेपी को सियासत नहीं करने चाहिए। गायत्री को लेकर पार्टी पर कोई डेंट नहीं लगा है। गायत्री को सरेंडर कर देना चाहिए।