/newsnation/media/media_files/2025/09/08/aadhar-card-news-2025-09-08-23-09-38.jpg)
UIDAI Update Photograph: (File Photo)
Aadhaar Update Rules: आधार कार्ड में जन्मतिथि बदलवाने को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है. अब मनमानी तरीके से नया जन्म प्रमाणपत्र बनवाकर जन्मतिथि बदलवाना आसान नहीं होगा. सरकार ने नियमों को सख्त कर दिया है ताकि किसी तरह की गड़बड़ी या हेरफेर रोकी जा सके.
होने वाला है ये बदलाव
अब तक कई लोग उम्र कम या ज्यादा दिखाने के लिए नया जन्म प्रमाणपत्र बनवा लेते थे. पुराने प्रमाणपत्र को निरस्त कराकर अलग जन्मतिथि के साथ नया प्रमाणपत्र तैयार कराया जाता था. इसके आधार पर आसानी से आधार कार्ड में जन्मतिथि बदलवा ली जाती थी. लेकिन अब ऐसा करना संभव नहीं होगा.
क्या कहता है नया नियम
दरअसल, हर जन्म प्रमाणपत्र में एक खास जन्म पंजीकरण संख्या दर्ज होती है. नए नियम के अनुसार, अगर कोई आधार कार्डधारक जन्मतिथि में बदलाव करना चाहता है तो उसे पहले से बने जन्म प्रमाणपत्र में ही सुधार करवाना होगा. यानी जन्म पंजीकरण संख्या वही रहनी चाहिए. अगर कोई व्यक्ति अलग संख्या वाला नया जन्म प्रमाणपत्र लगाता है तो उसे स्वीकार नहीं किया जाएगा.
अब नहीं होगी कोई गड़बड़ी
जानकारी के मुताबिक, कई लोग नौकरी में ज्यादा अवसर पाने के लिए जन्मतिथि बदलवाते हैं. कुछ खिलाड़ी खेल प्रतियोगिताओं में उम्र सीमा का फायदा उठाने के लिए ऐसा करते हैं. वहीं कुछ छात्र एक से अधिक बार हाईस्कूल की परीक्षा देने के लिए भी जन्मतिथि में बदलाव करवाते हैं. अब नए नियम के बाद इस तरह की गड़बड़ी करना मुश्किल हो जाएगा.
80 फीसदी जन्मतिथि में बदलाव के आते हैं मामले
आंकड़े बताते हैं कि आधार अपडेट केंद्रों पर आने वाले करीब 80 फीसदी लोग जन्मतिथि में बदलाव के लिए पहुंचते हैं. पहले भी यह नियम था कि जन्मतिथि एक से ज्यादा बार खुद से नहीं बदली जा सकती. दूसरी बार बदलाव के लिए क्षेत्रीय कार्यालय जाना पड़ता था. इसके बावजूद लोग नया जन्म प्रमाणपत्र बनवाकर नियमों को दरकिनार कर देते थे.
क्या कहते हैं उप महानिदेशक
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) लखनऊ के उप महानिदेशक प्रशांत कुमार सिंह के अनुसार, अब जन्मतिथि बदलने के लिए पहले वाले जन्म प्रमाणपत्र में ही संशोधन अनिवार्य होगा. अलग जन्म पंजीकरण संख्या वाला प्रमाणपत्र मान्य नहीं होगा. सरकार के इस फैसले से आधार में जन्मतिथि से जुड़ी गड़बड़ियों पर रोक लगने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें: ओला इलेक्ट्रिक ने जारी किए नतीजे, वित्त वर्ष 26 की तीसरी तिमाही में परिचालन से आय सालाना आधार पर 55 प्रतिशत घटी
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us