logo-image

पेट में ड्रग्स कैप्सूल छिपाकर ला रही थी महिला, ऐसे आई पकड़ में 

जयपुर एयरपोर्ट पर एक और महिला को ड्रग्स कैप्सूल के साथ पकड़ा गया है। उससे 46.90 लाख रुपए की ड्रग्स बरामद हुई है। युगांडा की रहने वाली यह महिला (28) शारजाह से जयपुर 5 मार्च को पहुंची थी

Updated on: 12 Mar 2022, 10:06 PM

नई दिल्ली:

जयपुर एयरपोर्ट पर एक और महिला को ड्रग्स कैप्सूल के साथ पकड़ा गया है। उससे 46.90 लाख रुपए की ड्रग्स बरामद हुई है। युगांडा की रहने वाली यह महिला (28) शारजाह से जयपुर 5 मार्च को पहुंची थी। युगांडा में उसने 18 कैप्सूल निगले थे। वहीं उसकी तबीयत खराब हो गई। उल्टी हुई तो 12 कैप्सूल निकल गए थे। शेष 6 कैप्सूल लेकर वह फ्लाइट में बैठ गई। यहां एयरपोर्ट पर पकड़ी गई। कस्टम विभाग की टीम को शक हुआ तो उसका मेडिकल कराया गया। उसके पेट में 6 कैप्सूल दिखे। अफसरों ने दावा किया कि यही महिला जनवरी में दिल्ली में 1 करोड़ रुपए कीमत की ड्रग्स सप्लाई करके गई थी। उस समय वह पकड़ी नहीं गई।

जयपुर कस्टम विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर भारत भूषण अटल ने बताया कि 5 मार्च की रात शक होने के बाद उसे SMS हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया। जांच में महिला के पेट में 6 कैप्सूल दिखे, जिसे ट्रीटमेंट के बाद निकाला गया।

शक होने के बाद लिया हिरासत में
असिस्टेंट कमिश्नर ने बताया कि महिला से जयपुर आने का रीजन पूछा। उसने बताया कि वह युगांडा स्थित एक कंपनी में अकाउंट ऑफिसर है। यहां बिजनेस मीटिंग के सिलसिले से आई है। उससे बिजनेस मीटिंग की जगह के कॉन्टैक्ट नंबर लिए गए। वो नंबर फर्जी निकले। इसके बाद महिला पर शक गहरा गया। हिरासत में लेकर पूछताछ की और मेडिकल जांच करवाई तो पूरा खुलासा हुआ।

6 कैप्सूल लेकर हुई रवाना
महिला ने पूछताछ में कबूल किया कि उसने युगांडा में कुल 201 ग्राम के 18 कैप्सूल निगले थे। मौके पर ही तबीयत खराब होने के कारण उल्टी हुई। 12 कैप्सूल बाहर आ गए। इसके बाद वह 6 कैप्सूल लेकर युगांडा से शारजाह और वहां से जयपुर पहुंची। इन सभी 18 कैप्सूल की कुल वैल्यू 1 करोड़ 40 लाख रुपए से अधिक थी।

जनवरी में दिल्ली में की थी सप्लाई
महिला के पासपोर्ट का डिटेल खंगाला गया तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। उसकी लास्ट विजिट दिल्ली की मिली। सख्ती से पूछताछ हुई तो उसने बताया कि इसी साल 23 जनवरी को वह दिल्ली आई थी। 150 ग्राम ड्रग्स बैग में रख लाई थी। दिल्ली में सप्लाई के बाद वापस युगांडा चली गई थी।