logo-image

पंजाब को बनाएंगे देश का सबसे सुरक्षित राज्य - भगवंत मान

आम आदमी पार्टी(आप) पंजाब के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने राज्य की लचर कानून-व्यवस्था और बेअदबी की घटनाओं पर कहा कि कांग्रेस की कमजोर सरकार और कुर्सी के लिए कांग्रेस नेताओं के आपसी लड़ाई-झगड़े के कारण राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब

Updated on: 26 Jan 2022, 07:24 PM

नई दिल्ली:

आम आदमी पार्टी(आप) पंजाब के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने राज्य की लचर कानून-व्यवस्था और बेअदबी की घटनाओं पर कहा कि कांग्रेस की कमजोर सरकार और कुर्सी के लिए कांग्रेस नेताओं के आपसी लड़ाई-झगड़े के कारण राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हुई है। बुधवार को पार्टी मुख्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए मान ने कहा कि चन्नी सरकार इतनी कमजोर और अस्थिर सरकार थी कि उसने 111 दिनों में 4 बार डीजीपी और दो बार एजी बदले। अकाली-भाजपा सरकार ने पुलिस-प्रशासन में जिस तरह भ्रष्टाचार किया, कांग्रेस सरकार ने उसको और आगे बढ़ाया। पिछली दोनों अकाली-कांग्रेसी सरकारें बेहद भ्रष्ट, अस्थिर और कमजोर थी। इसीलिए पंजाब में कई बार बेअदबी और बम ब्लास्ट की घटनाएं हुई एवं लोगों के बीच तनाव का माहौल पैदा हुआ।

 

मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार पंजाब को एक स्थिर, ईमानदार और मजबूत सरकार देगी। पंजाब की अमन-शांति और भाईचारा कायम करना हमारी पहली प्राथमिकता होगी। 'आप' सरकार सभी बेअदबी की घटनाओं के दोषियों और मास्टरमाइंडों को सख्त सजा देगी और सीमा पार से होने वाले घुसपैठ और ड्रोन को भी रोकेगी। हम पुलिस को कानून व्यवस्था बनाए रखने और कार्रवाई करने की पूरी छूट देंगे। कानून-व्यवस्था मजबूत कर हम पंजाब को देश का सबसे सुरक्षित राज्य बनाएंगे।

 

मान ने कहा कि नशा मुक्त पंजाब बनाने के लिए 'आप' सरकार एक स्वतंत्र 'ड्रग टास्क फोर्स' का गठन करेगी। यह फोर्स राजनीतिक दबाव और हस्तक्षेप से पूरी तरह मुक्त होगा। अमेरिका का उदाहरण देते हुए मान ने कहा कि अमेरिका में अगर कोई मंत्री, यहां तक कि राष्ट्रपति भी थाना-पुलिस में फोन कर हस्तक्षेप करने की कोशिश करता है, तो उसे तुरंत इस्तीफा देना पड़ता है। पंजाब में भी अमेरिका के तर्ज पर 'ड्रग टास्क फोर्स' को पूरी स्वतंत्रता दी जाएगी। अगर हमारे कोई नेता, मंत्री या विधायक 'ड्रग टेस्ट फोर्स' पर दबाव या हस्तक्षेप करने की कोशिश करेगा तो हम उसपर कार्रवाई करेंगे और गलत पाए जाने पर उससे इस्तीफा लेंगे।

 

मान ने कहा कि आज पुलिस के जवान जनता की सुरक्षा के बजाए नेताओं-मंत्रियों और उनके परिवारों की सुरक्षा मे लगे रहते हैं। विधायकों- मंत्रियों के बच्चों को स्कूल छोड़ने से लेकर सैर कराने तक का काम पुलिस के जवान करते हैं। इसके कारण थाने में और नाकों पर पुलिस की भारी कमी है, लेकिन नेताओं के आगे-पीछे पुलिस की भारी मौजूदगी होती है। हम पुलिस से पुलिस का काम करवाएंगे। पंजाब पुलिस के जवानों को नेताओं-मंत्रियों की सुरक्षा के बजाय जनता की सुरक्षा में तैनात करेंगे।

 

बेरोजगार नौजवानों और कच्चे कर्मचारियों के मुद्दे पर बोलते हुए मान ने कहा कि मार्च 2022 के बाद नौजवानों और कर्मचारियों को धरना-प्रदर्शन, पुलिस की लाठियों और परेशानियों से मुक्ति मिलेगी। हम नौजवानों को पंजाब में ही नौकरी के पर्याप्त अवसर और संसाधन मुहैया कराएंगे और कच्चे कर्मचारियों की सभी समस्याएं दूर करेंगे।