पंजाब में दलित सम्मान को लेकर सियासी संग्राम तेज, कांग्रेस के बयान के बाद सड़कों पर उतरी AAP

author-image
Dheeraj Sharma
New Update
Punjab Dalit

चंडीगढ़ में सोमवार को पंजाब की राजनीति उस वक्त गरमा गई, जब आम आदमी पार्टी ने कांग्रेस नेताओं के कथित दलित-विरोधी बयानों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया. AAP ने साफ शब्दों में कहा कि दलित समाज के सम्मान पर बार-बार चोट करने वाली कांग्रेस की सोच अब बेनकाब हो चुकी है. पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियां केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे दलित समाज के अपमान का प्रतीक हैं.

Advertisment

माफी न मिलने पर सड़क पर उतरी AAP

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने पहले ही कांग्रेस को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए सार्वजनिक माफी की मांग की थी. तय समय सीमा बीतने के बावजूद जब कांग्रेस की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई, तो आम आदमी पार्टी ने चंडीगढ़ में प्रदर्शन का रास्ता चुना. बैंड-बाजे के साथ निकाले गए इस विरोध मार्च के दौरान पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया, लेकिन इसके बावजूद AAP कार्यकर्ता डटे रहे.

कांग्रेस पर दलित नेताओं को निशाना बनाने का आरोप

हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने सिर्फ एक मंत्री का नहीं, बल्कि उनके काम, पहचान और पूरे दलित समाज का मजाक उड़ाया है. AAP का कहना है कि पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष राजा वडिंग की ओर से दलित मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ को लेकर कथित आपत्तिजनक बयान कांग्रेस की उसी मानसिकता को दिखाता है, जो दलित नेतृत्व को स्वीकार नहीं कर पाती.

पुराने बयान फिर बने बहस का मुद्दा

AAP ने यह भी याद दिलाया कि कांग्रेस में दलित प्रतिनिधित्व को लेकर सवाल पहले भी उठते रहे हैं. पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी का अपनी ही पार्टी में दलितों को उचित स्थान न मिलने को लेकर दिया गया बयान कांग्रेस की आंतरिक सच्चाई को उजागर करता है. इसके उलट, आम आदमी पार्टी दावा करती है कि उसकी सरकार में दलित समाज को निर्णायक भूमिका और सम्मानजनक प्रतिनिधित्व मिला है.

‘व्यक्ति नहीं, पूरी कम्युनिटी का अपमान’

AAP नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह बाजवा की टिप्पणी केवल एक मंत्री पर तंज नहीं थी, बल्कि एक पेशे और समुदाय को नीचा दिखाने की कोशिश थी. दलित समाज इसे पूरे समुदाय का अपमान मान रहा है. पार्टी ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं के पुराने नस्लीय और जातिगत बयान आज भी लोगों की स्मृति में हैं.

2027 की राजनीति पर असर?

AAP के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने सोशल मीडिया के जरिए कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि दलित समाज अब सब कुछ देख और समझ रहा है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दलित समाज की बढ़ती नाराजगी कांग्रेस के लिए गंभीर चुनौती बन सकती है, जबकि आम आदमी पार्टी के प्रति भरोसा 2027 के चुनावों में अहम भूमिका निभा सकता है.

punjab
Advertisment