Punjab: शादी समारोह में जागो के दौरान 20 लाख की चोरी, CCTV में दिखे दो आरोपी

author-image
Yashodhan Sharma
New Update
shajapur theft case

representational image Photograph: (social)

Punjab News: फगवाड़ा-लुधियाना रोड पर स्थित मान रिसोर्ट में एक शादी समारोह के दौरान बड़ी चोरी की घटना सामने आई है. जागो के कार्यक्रम के दौरान दो युवक कीमती सामान से भरा बैग चोरी कर मौके से फरार हो गए. चोरी हुए बैग में सोने के आभूषण, विदेशी मुद्रा, भारतीय नकदी और अन्य जरूरी दस्तावेज मौजूद थे. इस चोरी में पीड़ित परिवार को करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है.

Advertisment

मामले की जानकारी देते हुए महिला कुलविंदर कौर ने बताया कि उनके बेटे की शादी के उपलक्ष्य में मान रिसोर्ट में जागो का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. कार्यक्रम में परिवार और रिश्तेदार खुशी से झूम रहे थे और सभी रस्मों में व्यस्त थे. इसी दौरान जब कुलविंदर कौर स्टेज पर जागो की रस्म निभा रही थीं, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका बैग चोरी कर लिया.

उन्होंने बताया कि बैग में सोने के गहने, विदेशी करंसी, भारतीय नकदी के अलावा कुछ जरूरी कागजात भी रखे हुए थे. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब बैग की तलाश की गई तो वह नहीं मिला, जिसके बाद रिसोर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई.

सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा गया कि दो युवक, जिन्होंने कोट-पैंट पहना हुआ था, पहले से ही कार्यक्रम में मौजूद थे. मौका मिलते ही उन्होंने बैग उठाया और रिसोर्ट से बाहर निकल गए. दोनों युवक बड़ी ही चालाकी से चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए.

घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस घटना के बाद शादी समारोह में शामिल लोगों में दहशत का माहौल है और परिवार गहरे सदमे में है.

punjab
Advertisment