रोहित शेट्टी फायरिंग केस: मुंबई में गैंग्स की खैर नहीं, फडणवीस बोले- 'ढूंढेंगे भी, ठोकेंगे भी'

रोहित शेट्टी के बाद धुरंधर अभिनेता रणवीर सिंह और सलमान ख़ान के बहनोई अभिनेता आयुष शर्मा का भी नाम इस लिस्ट में शामिल हो चुका है। वहीं महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा बयान दिया है.

रोहित शेट्टी के बाद धुरंधर अभिनेता रणवीर सिंह और सलमान ख़ान के बहनोई अभिनेता आयुष शर्मा का भी नाम इस लिस्ट में शामिल हो चुका है। वहीं महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा बयान दिया है.

author-image
Pankaj R Mishra
New Update
Devendra Fadnavis Vs MVA Govt

मुंबई में अण्डरवर्ल्ड एक बार फिर अपने पैर पसारने की कोशिश कर रहा है। कुछ दिन पहले मशहूर फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग की जांच अभी चल ही रही थी कि इस बीच कई और फिल्मी सितारों को धमकी मिलने की जानकारी सामने आयी है। रोहित शेट्टी के बाद धुरंधर अभिनेता रणवीर सिंह और सलमान ख़ान के बहनोई अभिनेता आयुष शर्मा का भी नाम इस लिस्ट में शामिल हो चुका है। लगातार फिल्मी हस्तियों को दी जा रही धमकियों के इस क्रम को साधारण वारदात मानने की बजाय संगठित साजिश की दिशा में देखा जा रहा है, जिसके चलते पुलिस ने इन सितारों की सुरक्षा बढ़ाते हुए मामले में गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।

Advertisment

वहीं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी गैंग को मुंबई में पैर पसारने नहीं दिया जाएगा। पुलिस को खुली छूट दी गई है कि अपराधियों को खोजकर कानून के दायरे में लाया जाए और शहर में डर का माहौल खत्म किया जाए।

आयुष शर्मा को धमकी, सलमान कनेक्शन पर नजर

जिन सितारों को धमकी मिली है उनमें सलमान ख़ान के बहनोई आयुष शर्मा का नाम भी शामिल हो चुका है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक सलमान खान के बहनोई और अभिनेता आयुष शर्मा को भी कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से धमकी मिली है। पिछले कुछ समय से सलमान खान और उनके करीबी लोगों को लगातार लॉरेंस बिश्नोई के नाम से धमकी मिल रही है। अधिकारियों का मानना है कि इन धमकियों का मकसद सिर्फ डर फैलाना नहीं बल्कि हाई-प्रोफाइल टारगेट्स के जरिए सुर्खियां बटोरना भी हो सकता है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि धमकी असली गैंग की तरफ से है या फिर कोई इनका नाम लेकर कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है। 

अभिनेता रणवीर सिंह को भी मिली धमकी, करोड़ो के फिरौती मांगी

मुंबई पुलिस सूत्रों के हवाले से खबर है कि अभिनेता रणवीर सिंह को भी धमकी दी गई है। इस खबर ने बॉलीवुड के भीतर सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर दी है। बताया जा रहा है रणवीर के किसी करीबी के मोबाइल पर वॉट्सएप वॉइस नोट भेजकर ये धमकी दी गई है।

एक के बाद एक फिल्मी सितारों के नामों के सामने आने से यह मामला सिर्फ एक घटना तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि संभावित पैटर्न की तरह देखा जा रहा है। पुलिस ने एहतियातन रणवीर सिंह की भी सुरक्षा बढ़ा दी है और उनके आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और हर इनपुट को गंभीरता से लेकर जांच की जा रही है। 

डिजिटल सुराग और गैंग कनेक्शन की जांच तेज

वहीं रोहित शेट्टी के घर फायरिंग केस समेत अन्य सभी बॉलीवुड हस्तियों को मिली धमकी की जांच में तकनीकी सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों को शक है कि इनके पीछे जो भी लोग शामिल हैं वो बातचीत के लिए सुरक्षित मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रहे हैं ताकि ट्रैकिंग से बचा जा सके। रोहित शेट्टी मामले में जांच एजेंसियां डिलीट डेटा और डिजिटल ट्रेल खंगाल रही हैं, जिससे साजिश की पूरी तस्वीर सामने आ सके। पुलिस का मानना है कि यह घटना किसी लोकल शरारती तत्व का काम नहीं बल्कि संगठित नेटवर्क का हिस्सा हो सकती है। यही वजह है कि जांच का दायरा शहर से बाहर तक फैलाया गया है और अन्य राज्यों की एजेंसियों से भी संपर्क किया जा रहा है।

महाराष्ट्र सरकार का संदेश… डर नहीं, एक्शन होगा

पूरे घटनाक्रम पर मुख्यमंत्री फडणवीस ने सख्त रुख अपनाते हुए साफ कर दिया कि मुंबई में गैंगस्टर संस्कृति को किसी भी कीमत पर जगह नहीं दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिन लोगों ने फायरिंग की या धमकी दी, सभी की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी। सरकार का संदेश स्पष्ट है - अपराधी चाहे जितने प्रभावशाली या संगठित क्यों न हों, कानून से ऊपर नहीं हैं। पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसे मामलों में तेजी और सटीकता के साथ काम किया जाए ताकि आम लोगों और फिल्म इंडस्ट्री में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे। फिलहाल जांच जारी है, लेकिन सत्ता और पुलिस दोनों का रुख बता रहा है कि इस बार जवाब बेहद कड़ा होगा।

maharashtra
Advertisment