/newsnation/media/media_files/2026/03/08/women-day-2026-03-08-16-16-49.jpg)
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर महाराष्ट्र के डोंबिवली शहर ने एक अनोखी उपलब्धि अपने नाम कर ली है. डोंबिवली में 9 हजार से ज्यादा महिलाओं और छात्राओं ने एक साथ महाराष्ट्र की पारंपरिक लेझीम प्रस्तुत कर नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. इस नए विश्व रिकॉर्ड ने महाराष्ट्र के सांगली जिले की महिलाओं का पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. इस भव्य आयोजन ने न केवल नारी शक्ति की एकता दिखाई, बल्कि महाराष्ट्र की सांस्कृतिक परंपरा को भी विश्व स्तर पर एक खास पहचान दिलाने का काम किया है.
9 हजार से ज्यादा महिलाओं और स्कूली छात्राओं ने रचा इतिहास
मुंबई के पास ठाणे जिले के डोंबिवली में स्थित श्री संत सावळाराम क्रीडा संकुल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में कल्याण इलाके से भी कई स्कूलों की छात्राएं और बहुत बड़ी संख्या में महिलाएं इस स्पर्धा में शामिल हुईं थी. हालांकि गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाना इन महिलाओं के लिए इतना आसान नहीं था लेकिन सभी प्रतिभागियों ने एक साथ ताल और लय के साथ लेझीम का ऐसा प्रदर्शन पेश किया की यह दृश्य देखते ही बन रहा था. करीब साढ़े पांच मिनट तक चले इस सामूहिक प्रदर्शन ने यहाँ मौजूद दर्शकों का दिल जीत लिया. इस कार्यक्रम में कुल 9,111 महिलाओं और छात्राओं ने हिस्सा लिया था.
/filters:format(webp)/newsnation/media/media_files/2026/03/08/women-day-2026-03-08-16-20-16.jpg)
महाराष्ट्र के सांगली का पुराना रिकॉर्ड टूटा
ये कार्यक्रम महाराष्ट्र बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया था. महाराष्ट्र की महिलाओं द्वारा रचे गए इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में गिनीज़ वर्ल्ड रिकॉर्ड के अधिकारी स्वप्निल डांगरेकर भी मौजूद थे. स्वप्नील डांगरेकर ने विधायक रविंद्र चव्हाण की पत्नी सुहासिनी रविंद्र चव्हाण को विश्व रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र और पदक हस्तांतरित किया. हालांकि डोंबिवली से पहले ऐसा करने का रिकॉर्ड महाराष्ट्र के सांगली जिला के नाम दर्ज था. कार्यक्रम में मौजूद गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के लंदन से आए अधिकारी स्वप्नील डांगरेकर ने जानकारी देते हुए बताया की सांगली में इसी तरह से 7,338 महिलाओं ने एक साथ लेझीम वादन कर रिकॉर्ड बनाया था, जिसे रविवार को डोंबिवली की महिलाओं ने तोड़ दिया.
/filters:format(webp)/newsnation/media/media_files/2026/03/08/women-day-2026-03-08-16-20-42.jpg)
प्रधानमंत्री मोदी के संकल्प से प्रेरित होकर, महिलाओं ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
इस मौके पर यहाँ मौजूद महाराष्ट्र बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने सभी महिलाओं का आभार व्यक्त करते हुए बताया की लेझीम ये महाराष्ट्र की परंपरा और संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है. जिसे इन महिलाओं ने ज़िंदा रखा है. रवीन्द्र चव्हाण ने बताया की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस वर्ष शारीरिक व्यायाम को बढ़ावा देने और विश्व के सामने सशक्त भारत का उदाहरण प्रस्तुत करने का संकल्प लिया है. और प्रधानमंत्री के उसी संकल्प के साथ जुड़कर इन महिलाओं और छात्राओं ने यह अनोखा रिकॉर्ड बनाया है. इस दौरान पूरा परिसर भारत माता की जय, जय श्रीराम और वंदे मातरम् के नारों से गूंज उठा. हर किसी के चेहरे पर विश्व रिकॉर्ड बनने की खुशी साफ झलक रही थी. मैदान में मौजूद लोगों ने ढोल-ताशों और देशभक्ति के नारों के बीच इस ऐतिहासिक पल का जश्न मनाया.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us