logo-image

मुंबई में भारी बारिश से जन-जीवन प्रभावित, ट्रेनें और उड़ानों पर असर

मुंबई में सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण वहां पर लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

Updated on: 29 Aug 2017, 02:51 PM

नई दिल्ली:

मुंबई में सुबह से लगातार हो रही बारिश के कारण वहां पर लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के कारण कई जगहों पर पानी जमा हो गया है और लोग ट्रैफिक में फंसे हुए हैं।

मौसम विभाग के अनुसार भारी बारिश का सिलसिला अभी अगले 24 घंटों तक चलता रहेगा। मुंबई और ठाणे में सुबह से हो रही भारी बारिश के कारण जगह-जगह जाम लगा हुआ है। लोअर परेल, हिंदमाता, दादर, अंधेरी ईस्ट के इलाकों में जलभराव से लोग परेशान हैं।

ज़ोरदार बारिश के कारण 26 जुलाई, 2005 को भी मुंबई के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। जिसमें सैंकड़ों लोगों को अपनी जान भी गंवानी पड़ी थी और संपत्ति का भी नुकसान हुआ था। 840 एमएम बारिश के कारण मुंबई थम गई थी।

मौसम विभाग ने पूरे महाराष्ट्र में भारी बारिश की चेतावनी दी है और कहा है कि 4:30 बजे के बाद तीन मीटर से भी ऊंचा ज्वार आने की आशंका है। लिहाजा मुंबई के लोगों को सावधान रहने के लिये कहा गया है।

मुंबई में बीती रात भी लगातार बारिश होती रही। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह 8:30 बजे से मंगलवार सुबह 8:30 बजे तक कोलाबा में 151 मिलीमीटर और सांताक्रूज में 88.4 मिलीमीटर बारिश हई है।

और पढ़ें: CBI जज ने गुरमीत सिंह पर की तल्ख टिप्पणी, बोले- माफी के काबिल नहीं

कई स्टेशनों पर जलभराव होने के कारण ट्रेनें नहीं चल रही है या फिर 30 मिनट से भी अधिक देर से ऑपरेसट कर रही हैं।

भारी बारिश के कारण एयरपोर्ट से उड़ानों के संचालन पर भी खासा असर पड़ रहा है।

और पढ़ें: गुजरात दंगे में टूटी मस्जिदों की मरम्मत की रकम राज्य सरकार करे तय: SC