logo-image

भोपाल में चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा हटा लगाई गई पूर्व सीएम अर्जुन सिंह की मूर्ति

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक एवं लोकप्रिय स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा को हटाकर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा लगाई गई है.

Updated on: 10 Nov 2019, 11:21 AM

भोपाल:

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक एवं लोकप्रिय स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा को हटाकर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन सिंह की प्रतिमा लगाई गई है. भोपाल नगर निगम ने नानके पेट्रोल पंप तिराहे पर चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा की जगह पूर्व सीएम अर्जुन सिंह की प्रतिमा लगा दी है. बता दें कि 3 साल पहले ट्रैफिक समस्या का हवाला देकर यहां से आजाद की प्रतिमा को हटा दिया गया था. लेकिन अब निगम ने उसी जगह अर्जुन सिंह की प्रतिमा लगा दी है.

यह भी पढ़ेंः अयोध्या फैसला: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह बोले- क्या बाबरी मस्जिद तोड़ने वालों को मिलेगी सजा?

अर्जुन सिंह एक भारतीय राजनेता थे और कभी मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे थे. इनके समय में 1984 में भोपाल में गैस त्रासदी हुई है. इसके अलावा वो केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री भी रह चुके हैं. अर्जुन सिंह के परिवार का नाता सीधी के चुरहट राज परिवार से है. वो राज्य के मुख्यमंत्री के साथ केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं. पंजाब के राज्यपाल के तौर पर उनका कार्यकाल चर्चाओं में रहा. उनके पुत्र अजय सिंह सियासत में हैं. लोकसभा चुनाव में अजय सिंह पर कांग्रेस ने दांव लगाया था, मगर उनको हार मिली थी.

जबकि देश की आजादी के लिए कुर्बानी देने वाले क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद का जन्म 23 जुलाई 1906 को मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले का भाबरा में हुआ था. 1920 में चंद्रशेखर आजाद 14 साल की उम्र में ही महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन से जुड़े थे. 27 फरवरी 1931 को आजाद जब सुखदेव से मिलने इलाहाबाद के अल्फ्रेड पार्क पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें घेर लिया था. दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हुई थी. आजाद ने तीन पुलिसवालों को मार गिराया था और फिर बाद में खुद को गोली मार ली थी.

यह भी पढ़ेंः गृह मंत्री अमित शाह ने कानून-व्यवस्था पर कमलनाथ और भूपेश बघेल से चर्चा की

इस तरह भारत मां का यह सपूत हमेशा आजाद रहा, क्योंकि उन्होंने खुद से वादा किया था कि वह कभी भी अंग्रेजी हुकूमत के हाथों नहीं पकड़े जाएंगे. सवाल ये है कि क्या आज के दौर में चंद्रशेखर आजाद बड़े हैं या अर्जुन सिंह. खास बात ये है कि चंद्रशेखर आजाद का जन्म भी मध्य प्रदेश में ही हुआ था. उसके बाद भी उनकी जगह अर्जुन सिंह की प्रतिमा लगा दी गई है. हालांकि अर्जुन सिंह की प्रतिमा का अनावरण होना अभी बाकी है.

यह वीडियो देखेंः