logo-image

मध्य प्रदेश कांग्रेस का फरमान, आज प्रदेश बंद है,घरों से न निकलें, असुविधा से बचें

मध्य प्रदेश कांग्रेस ने पेट्रोल- डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ शनिवार को किया बंद का किया आह्वान

Updated on: 20 Feb 2021, 12:38 PM

भोपाल :

पेट्रोल-डीजल और गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर मध्य प्रदेश कांग्रेस शनिवार को पूरे प्रदेश में विरोध प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस ने प्रदेश बंद का आह्वान किया है। गौरतलब है कि प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने  20 फरवरी को प्रदेश में आधे दिन के बंद का आह्वान किया है। इस दौरान आवश्यक वस्तुओं को छोड़कर प्रदेश में सभी कुछ बंद करने की बात कांग्रेस ने कही है। यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता इसके लिए जोर शोर से जन जागरण अभियान चला रहे हैं।सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक होने वाले इस बंद के लिए भोपाल सहित सभी बड़े शहरों में कांग्रेस नेता दुकानदारों इसमें शामिल होने के लिए मनाते दिखे।

मिला जुला असर 
 इस दौरान मीडिया में आ रही खबरों के अनुसार भोपाल के अरेरा पेट्रोल पंप बंद कराने गए पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, पार्षद गुड्‌डू चौहान समेत 11 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हबीबगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बाद में पीसी शर्मा और कार्यकर्ताओं को नई जेल भेज दिया। इससे पहले सुबह 9 बजे पूर्व मंत्री पीसी शर्मा कार्यकर्ताओं के साथ बिट्‌टन मार्केट पहुंचे। यहां उन्‍होंने खुली दुकानों को जबरन बंद करा दिया। जबकि एक दिन पहले ही कांग्रेस की तरफ से बयान आया था कि दुकानें जबरन बंद नहीं कराई जाएंगी।

यह भी पढ़ेंः जातिवाद के दंश से बच नहीं पाए थे स्‍वराज के जनक छत्रपति शिवाजी 

वैसे शनिवार सुबह बंसे ही बंद का मिलाजुला असर दिखा। कई जगह पर चाय-नाश्ते और किराने की दुकानें तक बंद दिखाई दी। कांग्रेस कार्यकर्ता दुकानें जबरन बंद कराते नजर आए। वहीं, शनिवार सुबह कांग्रेस कार्यकर्ता जिप्सी पर लाउड स्पीकर से बंद को सफल बनाने दुकानें बंद रखने की अपील भी करते नजर आए।
कई जगह कार्यकर्ता मार्केट में घूम-घूमकर व्यापारियों से अपनी दुकानें बंद रखने का आह्वान करते नजर आए। इसके साथ ही उनसे बंद के समर्थन में सहमति भी ली जा रही है। युवा कांग्रेस मध्यप्रदेश मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी के अनुसार कमलनाथ के आह्वान पर प्रदेश भर में शांति पूर्ण बंद होगा।

ट्वीट पर रोचक प्रतिक्रियाएं

मध्‍य प्रदेश कांग्रेस ने ट्वीट कर कहा है कि, आज मध्यप्रदेश बंद है,दोपहर 2 बजे तक घरों से न निकलें, असुविधा से बचें।
प्रदेश कांग्रेस के इस ट्वीट पर बेहद रोचक प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। एक यूजर्र ने लिखा है कि," मैं घर के बाहर घूम रहा हु । जो उखाड़ना है उखाड़ो।"

यह भी पढ़ेंः मात्र 34 दिन में  विश्व में सबसे तेज 1 करोड़ लोगों का टीकाकरण करने वाला दूसरा देश बना भारत

एक अन्‍य यूजर्र ने मजाक करते हुए कहा है कि," कांग्रेस मुख्यालय आज बंन्द रहेगा न के मध्य प्रदेश।"
बंद के समर्थन ने एक जनाब ने लिखा है कि, "इंदौर के पाटनीपूरा, रजवाडा और मालवामिल मार्केट बंद रहेंगे, सारे व्यापारी समर्थन में है, महंगाई अंधभक्त को समझ आती हो ना हो, पर एक व्यापारी को समझ आती है, दुकाने बंद रहेगी तो क्या लूट के शॉपिंग करोगे "

यह भी पढ़ेंः 'ये मूर्ख नहीं जानता कि मैं दीपिका, कैटरीना या आलिया नहीं हूं.': कंगना

सरकार को जगाने में साथ दें

कमलनाथ ने वीडियो जारी कर कहा कि पेट्रो पदार्थों की बढ़ती कीमतों से जनता परेशान हो रही है। सरकार जनता को राहत पहुंचाने के बजाय टैक्स वसूली में लगी है। सरकार के खिलाफ और आम लोगों को राहत देने के इरादे से कांग्रेस ने 20 फरवरी को मध्यप्रदेश बंद का आह्वान किया है। मैं सबसे अपील करता हूं कि इस बंद में शामिल होकर सरकार को जगाने में साथ दें। यह पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहेगा। व्यापारियों से इसके समर्थन में बंद करने का अनुरोध करेंगे। हमने आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं को बंद से बाहर रखा है।

कांग्रेस प्रवक्‍ता के अनुसार सिर्फ किराने, बर्तन, इलेक्ट्राॅनिक और अन्य तरह के दुकानदारों से अपना कारोबार शनिवार दोपहर बंद रखने के लिए कह रहे हैं। बड़ी संख्या में व्यापारियों ने इसका समर्थन दिया है। वे कल अपनी-अपनी दुकानें और कारोबार बंद रखेंगे।
 प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि पार्टी शनिवार को एक रैली निकालेगी और लोगों से अपनी दुकानें बंद करने का अनुरोध करेगी। उन्होंने कहा कि भारत बंद के दौरान मिल्क बूथ, मेडिकल स्टोर और अस्पताल खुले रहेंगे।