/newsnation/media/media_files/2026/02/08/surajkund-mela-accident-2026-02-08-09-27-08.jpg)
Surajkund Mela Accident: हरियाणा के मशहूर सूरजकुंड मेले में शनिवार (7 फरवरी) शाम बड़ा हादसा हो गया, जब एक बड़ा झूला अचानक टेढ़ा होकर नीचे गिर पड़ा. इस दर्दनाक घटना में एक पुलिस इंस्पेक्टर समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए. हादसा करीब शाम 6 बजे हुआ, जब झूले में लगभग 20 लोग सवार थे और मेला पूरे उत्साह पर चल रहा था.
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक झूला अचानक एक तरफ झुक गया और फिर तेज आवाज के साथ नीचे आ गिरा. लोग चीखते हुए इधर-उधर भागने लगे. कुछ लोग मदद के लिए दौड़े. घायलों को तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया. मृतकों में पलवल में तैनात इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद भी शामिल हैं, जो ड्यूटी पर तैनात थे और बचाव के दौरान गंभीर रूप से घायल हो गए.
#WATCH | Faridabad, Haryana: Visuals from Surajkund Mela where a joyride collapsed yesterday, injuring 12 people.
— ANI (@ANI) February 8, 2026
One Police Inspector died while trying to save people. pic.twitter.com/g5iTxyzCNp
घटना के बाद मेले में अफरातफरी मच गई और इलाके को खाली करा लिया गया. पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है. जेसीबी और हाइड्रोलिक मशीनों की मदद से टूटे हुए झूले को हटाया गया है. प्रशासन का कहना है कि झूले की हालत पूरी तरह खराब हो चुकी है.
मौके पर पहुंचे पर्यटन मंत्री
हादसे के बाद हरियाणा के पर्यटन मंत्री अरविंद कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और घायलों का हाल जाना. उन्होंने बताया कि मामले की जांच के लिए एडीसी की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई गई है. झूला संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. जांच में यह पता लगाया जाएगा कि कहीं तकनीकी खराबी, ढीले नट-बोल्ट या रखरखाव में लापरवाही तो कारण नहीं बने.
मृतक इंस्पेक्टर के परिवार को मिलेगी 1 करोड़ की सहायता राशि
हरियाणा के डीजीपी ने इंस्पेक्टर जगदीश की मौत पर गहरा दुख जताया और उनके परिवार को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की. यह हादसा मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है. फिलहाल मेला बंद कर दिया गया है और प्रशासन ने लोगों से इलाके से दूर रहने की अपील की है.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us