/newsnation/media/media_files/2026/03/09/arvind-kejriwal-2026-03-09-12-50-31.jpg)
अरविंद केजरीवाल, 'आप' के राष्ट्रीय संयोजक Photograph: (X@ArvindKejriwal)
Arvind Kejriwal: आम आदमी पार्टी (AAP) ने रविवार को गुजरात में 'परिवर्तन लाओ, किसान बचाओ यात्रा' निकाली. जिसमें आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और सत्ताधारी पार्टी पर जमकर निशाना साधा. गांधीनगर में रैली के दौरान उन्होंने गुजरात के लोगों से नई सरकार बनाने का आह्वान किया.
इस दौरान उन्होंने कहा कि इस बार गुजरात में जनता की सरकार बनेगी और अपने फैसले खुद लेगी. उन्होंने जोर दिया कि हमें सिर्फ पार्टी नहीं बदलनी है, बल्कि गुजरात की तरक्की के लिए पूरी व्यवस्था बदलनी है. उन्होंने कहा कि आप की सरकार बनने पर सबसे पहले नेताओं की गुंडागर्दी-भ्रष्टाचार खत्म करेंगे और गुजरात को लूटने वालों को जेल में डालेंगे.
हर जगह गुजरात का किसान दुखी है- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले 10-12 दिनों से यशु भाई, प्रवीण राम और मनोज सोरठिया ने भगवान सोमनाथ के दर्शन कर गांव-गांव और मोहल्ले-मोहल्ले से होते हुए गांधीनगर तक किसान यात्रा निकाली है. इस यात्रा के दौरान वे हजारों किसानों से मिले और पाया कि हर जगह गुजरात का किसान दुखी है और खून के आंसू रो रहा है. उन्होंने कहा कि, कहीं पीने का पानी नहीं है, कहीं सिंचाई का पानी नहीं है, हर चीज के दाम बढ़ गए हैं और किसानों को अपनी फसल के पूरे दाम भी नहीं मिल रहे हैं.
केजरीवाल ने किया बोटाद की घटना का जिक्र
बोटाद की घटना का जिक्र करते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कुछ दिन पहले वहां किसान करदा प्रथा के खिलाफ शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे और कोई हिंसा नहीं कर रहे थे. लेकिन प्रशासन ने किसानों के घरों में घुसकर उन्हें घसीटा, उनका अपमान किया और जेल में डाल दिया. किसानों की पत्नियां, माताएं और बच्चे बहुत रोए, लेकिन सरकार नहीं मानी और 85 किसानों को कई महीनों तक जेल में रखा. जब आम लोग दिवाली मना रहे थे, तब किसान भाई जेल के अंदर तड़प रहे थे और उनके परिवार रो रहे थे.
आप के राष्ट्रीय संयोजक, केजरीवाल ने कहा कि यह बात केवल 85 किसानों की नहीं है, बल्कि इसके जरिए गुजरात के किसानों को संदेश दिया जा रहा है कि खबरदार किसी ने आवाज उठाई तो उसका भी यही हाल किया जाएगा. उन्होंने जनता से पूछा कि क्या वे इस अत्याचार को बर्दाश्त करेंगे या इसके खिलाफ आवाज उठाएंगे. उन्होंने कहा कि इस बार हर चुनाव में हर किसान को कसम खानी है कि किसी को भी वोट दे देंगे, सत्ताधारी पार्टी को वोट नहीं देंगे.
'मुझ पर 100 करोड़ रुपये खाने का इल्जाम लगाया'
केजरीवाल ने कहा कि भारत के 75 साल के इतिहास में कभी ऐसा नहीं हुआ कि दिल्ली के एक मौजूदा मुख्यमंत्री को 6 महीने तक जेल में रखा गया हो. मुझे पर इल्जाम लगाया गया कि केजरीवाल 100 करोड़ रुपए खा गया और उसने शराब घोटाला कर दिया है. यह आरोप भी लगाया गया कि मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और संजय सिंह ने शराब घोटाला किया है और इस तरह आम आदमी पार्टी के पांच सबसे बड़े नेताओं को पकड़ कर जेल में डाल दिया गया.
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कोर्ट ने कहा है कि मुझ पर लगाए गए आरोप झूठे हैं, इतना भी सबूत नहीं है कि मुकदमा चलाया जा सके. हम बरी नहीं हुए हैं, क्योंकि बरी तो मुकदमा चलने के बाद होते हैं, यहां तो कोर्ट ने कहा है कि मुकदमा चलाने लायक भी सबूत नहीं हैं. उन्होंने इसे एक बहुत बड़ा अत्याचार बताते हुए कहा कि जब एक मौजूदा मुख्यमंत्री को उठाकर जेल में डाला जा सकता है, तो आम लोगों की क्या औकात है. ये लोग किसान, व्यापारी समेत किसी को भी झूठे केस लगाकर जेल में डाल देंगे और ये सिर्फ सबको डरा कर रखते हैं, इसके अलावा कुछ नहीं करते.
दिल्ली की जनता के हिसाब से किया हमने काम- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पहले दिल्ली में गुजरात जैसा ही हाल था. फिर लोगों ने तय किया कि वे अपनी खुद की सरकार बनाएंगे. 2015 में जनता ने झाड़ू को वोट देकर अपनी सरकार बनाई और मुझे मुख्यमंत्री बना दिया. मैं एक आम आदमी हूं, मेरे परिवार में कोई भी नेता नहीं है. मैं वही काम करता था जो जनता कहती थी. जनता ने कहा तो मैंने बिजली-पानी फ्री कर दिया, 24 घंटे बिजली दी, खराब सरकारी स्कूलों को शानदार बना दिया और इलाज के लिए सरकारी अस्पताल व मोहल्ला क्लीनिक बनाकर दिल्ली में सबका इलाज मुफ्त कर दिया.
'दिल्ली में जनता के हिसाब से चलती थी सरकार'
केजरीवाल ने कहा कि जब जनता ने सरकारी दफ्तरों और तहसील में पटवारी द्वारा पैसे मांगने और अपमानित होने की शिकायत की, तो मैंने सरकारी दफ्तर जाना ही खत्म कर दिया. हमने एक फोन नंबर जारी कर दिया. जिस पर फोन करने से अफसर घर आकर काम करने जाते थे. दिल्ली में जनता के हिसाब से सरकार चलती थी, चाहे गली ठीक करानी हो या सड़क, दिल्ली में पूरी तरह से जनता का शासन आ गया था.
दिल्ली और पंजाब में लीक नहीं हुआ कोई पेपर- केजरीवाल
आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल ने कहा कि एक गरीब किसान अपनी जमीन और जेवर बेचकर, दिन-रात मेहनत करके पैसे जमा करता है और अपने बच्चे को अहमदाबाद, गांधीनगर, सूरत या राजकोट पढ़ने भेजता है. लेकिन जब बच्चा खूब पढ़ाई करके पेपर देने जाता है तो पेपर लीक हो जाता है. ऐसा कैसे हो जाता है, जबकि मैं 10 साल दिल्ली का मुख्यमंत्री रहा और वहां एक भी पेपर लीक नहीं हुआ और पंजाब में भी 5 साल से हमारी सरकार है, वहां भी एक भी पेपर लीक नहीं हुआ है. लेकिन गुजरात में रोज पेपर लीक हो जाते हैं.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us