/newsnation/media/media_files/2026/01/27/delhi-ncr-weather-red-alert-issue-2026-01-27-16-46-20.jpg)
Photo - AI
Delhi Weather Update: दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली. दिन के दौरान हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हुई, जबकि कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी खबरें सामने आईं. बारिश के चलते राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में ठंडक बढ़ गई है और लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा.
कई इलाकों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों के लिए अलर्ट जारी किया है. उत्तरी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, पश्चिम दिल्ली और दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली में झमाझम बारिश को लेकर रेड अलर्ट घोषित किया गया है. विभाग के मुताबिक, इन इलाकों में अगले कुछ घंटों के दौरान गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश हो सकती है. साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है.
ऑरेंज अलर्ट वाले क्षेत्र
मौसम विभाग ने दक्षिण-पूर्व दिल्ली, दक्षिण दिल्ली, नई दिल्ली, शाहदरा और पूर्वी दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन इलाकों में मध्यम बारिश और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है. विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है.
दैनिक मौसम परिचर्चा (27.01.2026)
— India Meteorological Department (@Indiametdept) January 27, 2026
सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में 27-28 को कई जगहों पर हल्की वर्षा/बर्फबारी और 27 जनवरी को कुछ जगहों पर भारी वर्षा और ओलावृष्टि की संभावना है।
YouTube : https://t.co/WvaHz61ucj
Facebook : https://t.co/hkuvCMgHnL… pic.twitter.com/lFt7oLcS9T
यूपी के कई जिलों में भी असर
दिल्ली के साथ-साथ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम का असर देखने को मिला है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन घंटे के दौरान आगरा, अलीगढ़, अमरोहा, बुलंदशहर, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, नोएडा, गाजियाबाद, हापुड़, हाथरस, जालौन, कासगंज, मैनपुरी, मथुरा, मेरठ और संभल में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. इन इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है, जिसको देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. हवा की गति 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
ठंड बढ़ी, कोहरे की भी चेतावनी
बारिश के बाद दिल्ली, नोएडा और पूरे एनसीआर में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. ठंडी हवाओं के कारण सुबह और रात के समय ठिठुरन बढ़ सकती है. मौसम विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि आज रात या बुधवार सुबह कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिल सकता है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है.
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहें, खुले इलाकों में खड़े न हों और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखें. अचानक बदले मौसम ने जहां ठंडक बढ़ाई है, वहीं सतर्कता बरतना भी बेहद जरूरी हो गया है.
यह भी पढ़ें - Aaj Ka Mausam: कई राज्यों में बारिश-तूफान का अलर्ट, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार, जानिए आज की वेदर रिपोर्ट
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us