/newsnation/media/media_files/2026/02/21/cm-nitish-kumar-2026-02-21-14-59-53.jpg)
CM नीतीश कुमार का किसानों को तोहफा
Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बाढ़ और मोन्था तूफान से प्रभावित किसानों को बड़ी राहत दी है. कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत 2 लाख से अधिक किसानों के खाते में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि डीबीटी के जरिए भेजी गई है.
डीबीटी से 113 करोड़ रुपये ट्रांसफर
राजधानी पटना के 01 अणे मार्ग स्थित संकल्प सभागार में आयोजित कार्यक्रम में नीतीश कुमार ने रिमोट का बटन दबाकर 2 लाख 2 हजार किसानों के बैंक खातों में 113 करोड़ 16 लाख रुपये सीधे ट्रांसफर किए. यह राशि वर्ष 2025 में अतिवृष्टि, बाढ़ और मोन्था तूफान से हुई फसल क्षति के मुआवजे के रूप में दी गई है.मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान इस अनुदान राशि का उपयोग अगली फसल की तैयारी में कर सकेंगे. उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार किसानों की तरक्की के लिए लगातार काम कर रही है और राज्य के खजाने पर सबसे पहला अधिकार बाढ़ पीड़ितों का है.
13 जिलों के किसान थे प्रभावित
वर्ष 2025 में भारी बारिश और तूफान की वजह से राज्य के 13 जिलों में बड़े पैमाने पर फसल नुकसान हुआ था. इनमें बेगूसराय, भोजपुर, दरभंगा, गया, कैमूर, किशनगंज, मधेपुरा, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी और सुपौल शामिल हैं. इन जिलों के 53 प्रखंड और 493 पंचायतों के किसान प्रभावित हुए थे. कृषि विभाग ने सभी किसानों से ऑनलाइन आवेदन लिया और जिला स्तर पर सत्यापन के बाद अनुदान की राशि स्वीकृत की गई.
सरकार का किसानों को भरोसा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर हाल में बाढ़ पीड़ित किसानों को सहायता उपलब्ध कराएगी. कृषि इनपुट अनुदान योजना के तहत सभी योग्य किसानों को पारदर्शी तरीके से लाभ दिया जा रहा है.
कई मंत्री और वरीय अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद रहे.
/newsnation/media/agency_attachments/logo-webp.webp)
Follow Us