Bihar News: 542 करोड़ की लागत से बनेगी म्यूजियम टनल, CM नीतीश कुमार ने परियोजना की औपचारिक शुरुआत करायी

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 542 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली उस सुरंग परियोजना का शिलापट्ट अनावरण कर कार्यारंभ किया, जो बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को आपस में जोड़ेगी.

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 542 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली उस सुरंग परियोजना का शिलापट्ट अनावरण कर कार्यारंभ किया, जो बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को आपस में जोड़ेगी.

author-image
Aditya Jha
New Update
nitish kumar

nitish kumar

बिहार की राजधानी पटना में पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 542 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली उस सुरंग परियोजना का शिलापट्ट अनावरण कर कार्यारंभ किया, जो बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को आपस में जोड़ेगी. मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली मशीन का बटन दबाकर परियोजना की औपचारिक शुरुआत करायी. इस दौरान अधिकारियों ने उन्हें सुरंग के निर्माण की पूरी प्रक्रिया और इसके निर्धारित समय में पूर्ण होने की योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी.

Advertisment

पर्यटकों के लिए होगा बड़ा आकर्षण

नेहरू पथ के समीप हड़ताली मोड़ स्थित निर्माणाधीन म्यूजियम सब-वे टनल के कार्यारंभ के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि सुरंग बन जाने के बाद लोग बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय में लगे प्रदर्शों को आसानी से एक जगह से दूसरी जगह जाकर देख सकेंगे. इससे पर्यटकों की संख्या में भी काफी बढ़ोतरी होने की संभावना है. मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि संभावित बढ़ती भीड़ को देखते हुए पार्किंग और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.

nitish kumar

नेहरू पथ पर ट्रैफिक प्रभावित न हो

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सुरंग का निर्माण इस प्रकार कराया जाए जिससे नेहरू पथ पर यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो. निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखने को कहा गया.

बिहार संग्रहालय का किया निरीक्षण

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय का परिभ्रमण भी किया. इस दौरान बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह ने संग्रहालय परिसर में लगाए गए नए प्रदर्शों, पर्यटकों की संख्या, पार्किंग व्यवस्था और अन्य उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी. मुख्यमंत्री ने पूरे परिसर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.

मल्टीस्टोरी बिल्डिंग और पार्क बनेगा

मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय के सामने पुनर्विकसित किए जा रहे 60 आवास और ऑफिसर्स हॉस्टल कैंपस के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया. अधिकारियों ने साइट प्लान के माध्यम से बताया कि यहां बहुमंजिला भवन का निर्माण किया जाएगा.
नए परिसर में सोलर पार्किंग शेड, ओपन पार्किंग और क्लब हाउस जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी. साथ ही पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था भी की जाएगी.

पुराने ढांचे की जगह बनेगी आधुनिक इमारत

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि पुराने ढांचे को हटाकर आधुनिक सुविधाओं से युक्त मल्टीस्टोरी बिल्डिंग बनाने की योजना पहले से ही थी. नेहरू पथ के किनारे बनने वाली इस बहुमंजिला इमारत से आवासन की बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी.उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि इसके बगल में एक आकर्षक पार्क का निर्माण कराया जाए ताकि संग्रहालय आने वाले लोग वहां समय बिता सकें और इसका आनंद ले सकें. मुख्यमंत्री ने बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को जोड़ने वाली सुरंग के पटना संग्रहालय वाले छोर का भी स्थल निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्माण कार्य से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए.

वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, बिहार संग्रहालय के महानिदेशक अंजनी कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव डॉ. संदीप कुमार आर. पुडकलकट्टी, कला संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेश परासर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.

Bihar Nitish Kumar
Advertisment